पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं बेहतर आवासीय सुविधाओं की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे की पहल |

टिहरी | पुलिस कर्मियों के कल्याण, बेहतर रहन-सहन एवं मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे द्वारा आज पुलिस लाइन चंबा एवं कोतवाली चंबा में नवीनीकृत दो स्मार्ट बैरकों एवं भोजनालय का उद्घाटन किया गया । पुलिस लाइन चंबा में पुलिस कर्मचारियों के निवास हेतु निर्मित बैरेक काफी समय से जर्जर अवस्था में था, जिसका आवश्यक मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कर उसे बेहतर एवं सुरक्षित आवासीय स्वरूप प्रदान किया गया है । इसके अतिरिक्त कोतवाली चंबा में महिला पुलिस कर्मचारियों की आवासीय आवश्यकताओं एवं सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उनके लिए पृथक बैरक का चयन कर उसका नवीनीकरण कराया गया है। महिला कर्मचारियों की सुविधा एवं आवश्यकताओं के अनुरूप बैरक को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया गया है, जिससे उन्हें ड्यूटी के उपरांत सुरक्षित, स्वच्छ एवं आरामदायक वातावरण उपलब्ध हो सके। साथ ही थाना चंबा में नवीनीकृत भोजनालय का भी उद्घाटन किया गया । बैरक एवं भोजनालय नवीनीकरण (Barrack Renovation) का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना, उनके रहने एवं भोजन की परिस्थितियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाना तथा उन्हें आरामदायक वातावरण प्रदान करना है। बेहतर आवासीय सुविधाओं से पुलिस कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, कार्यक्षमता तथा मनोबल में सकारात्मक वृद्धि होती है । इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं सुविधाओं को पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात आमजन की सुरक्षा एवं सेवा में तत्पर रहते हैं। ऐसे में उनके लिए बेहतर आवासीय एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है । टिहरी पुलिस द्वारा पुलिस कर्मियों के कल्याण, सुविधाओं एवं बेहतर कार्य वातावरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भविष्य में भी पुलिस आवासीय परिसरों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में आवश्यक कार्यवाही जारी रहेगी । उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन चंबा अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चंबा विपिन बहुगुणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *