टिहरी | कैम्पटी फॉल घूमने आए पर्यटक अपने परिवार सहित कोतवाली कैम्पटी क्षेत्रांतर्गत एक होटल में ठहरे हुए थे। होटल से चेक-आउट करने के बाद उन्हें पता चला कि उनके सोने एवं हीरे जड़ित कीमती टॉप्स, जिनकी अनुमानित कीमत ₹02 लाख से अधिक थी, होटल में ही कहीं छूट गए हैं । पर्यटकों द्वारा तत्काल इसकी सूचना कोतवाली कैम्पटी पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता एवं पर्यटकों की परेशानी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही शुरू की गई । पुलिस टीम ने संबंधित होटल पहुंचकर होटल कर्मचारियों से पूछताछ की तथा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही होटल के कमरे, बाथरूम, लॉबी, हाउसकीपिंग एवं अन्य संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया गया । टिहरी पुलिस की तत्परता, सूझबूझ एवं अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप पर्यटकों के खोए हुए सोने एवं हीरे जड़ित कीमती टॉप्स सकुशल बरामद कर लिए गए । आवश्यक सत्यापन के उपरांत पर्यटकों को कोतवाली कैम्पटी बुलाकर उनके कीमती आभूषण सकुशल सुपुर्द कर दिए गए। अपने खोए हुए आभूषण वापस पाकर पर्यटक बेहद खुश हुए तथा उन्होंने टिहरी पुलिस की त्वरित कार्यवाही, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया । टिहरी पुलिस आमजन एवं जनपद में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, सहायता एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है ।
पर्यटकों के खोए ₹02 लाख से अधिक कीमत के सोने एवं हीरे जड़ित कीमती टॉप्स बरामद कर टिहरी पुलिस ने सकुशल लौटाए त्वरित कार्यवाही, संवेदनशीलता और ईमानदारी का परिचय देते हुए टिहरी पुलिस ने जीता पर्यटकों का विश्वास ।
















Leave a Reply