चमोली | चमोली पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज यातायात पुलिस चमोली द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज टंगसा में व्यापक यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम के दौरान यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क पर चलते समय बरती जाने वाली सावधानियों, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया । इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि यातायात नियम केवल चालान और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। सड़क दुर्घटना में एक छोटी सी लापरवाही भी किसी परिवार के लिए जीवनभर का दुख बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए । कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट वितरित कर अधिक से अधिक लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की अपील भी की गई ।
*पिलियन राइडर के लिए भी हेलमेट अनिवार्य, चमोली पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान*
विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम के साथ ही यातायात पुलिस द्वारा गोपेश्वर नगर क्षेत्र में दोपहिया वाहन चालकों एवं उनके पीछे बैठकर यात्रा करने वाले पिलियन राइडर्स को हेलमेट की अनिवार्यता के संबंध में जागरूक किया गया । पुलिस कर्मियों द्वारा वाहन चालकों को बताया गया कि दोपहिया वाहन पर केवल चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति (पिलियन राइडर) के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। अक्सर देखा जाता है कि वाहन चालक तो हेलमेट पहन लेते हैं, लेकिन पीछे बैठा व्यक्ति बिना हेलमेट के यात्रा करता है, जो दुर्घटना की स्थिति में गंभीर चोट का कारण बन सकता है । इस दौरान वाहन चालकों एवं पिलियन राइडर्स को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी से दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की गई । चमोली पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि भविष्य में दोपहिया वाहन पर चालक अथवा पिलियन राइडर के हेलमेट न पहनने की स्थिति में नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की जाएगी । चमोली पुलिस आमजन से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस की मौजूदगी में ही नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा और दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए सदैव करें। याद रखें, हेलमेट चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि अनमोल जीवन की सुरक्षा का कवच है ।













Leave a Reply