पुलिस सुरक्षा के बीच शीतकालीन प्रवास पर पाण्डुकेश्वर पहुंचीं भगवान उद्धव-कुबेर जी की देव डोलियां शीतकालीन यात्रा का हुआ शुभारंभ; आगामी छह माह तक योगध्यान बद्री मंदिर में होंगे दर्शन एवं पूजा-अर्चना |

बदरीनाथ | श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवम्बर 2026 को शीतकाल के लिए बंद होने के पश्चात आज 17 नवम्बर की प्रातः भगवान बद्री विशाल के प्रतिनिधि उद्धव जी एवं खजांची कुबेर जी की डोलियां एवं आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी ने शीतकालीन प्रवास के लिए बद्रीनाथ धाम से प्रस्थान किया । इस दौरान चमोली पुलिस द्वारा सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए तथा पुलिस सुरक्षा एवं निगरानी के बीच देव डोलियां धार्मिक परंपराओं एवं वैदिक विधि-विधान के साथ पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बद्री मंदिर पहुंचीं। यहां आगामी छह माह तक भगवान उद्धव जी एवं कुबेर जी की पूजा-अर्चना संपन्न होगी । वहीं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवम्बर 2026 को आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी एवं भगवान गरुड़ जी की डोली ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर पहुंचेगी । इसके पश्चात आगामी छह माह तक श्रद्धालु पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बद्री मंदिर एवं ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में भगवान के दर्शन एवं शीतकालीन पूजा-अर्चना कर सकेंगे । इसके साथ ही जनपद चमोली में शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ हो जायेगा। अब श्रद्धालु शीतकाल के दौरान भी भगवान बद्री विशाल के शीतकालीन पूजा स्थलों पर पहुंचकर दर्शन कर सकेंगे । चमोली पुलिस द्वारा शीतकालीन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *