परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली 10 वर्षीय मासूम, चोपता के घने जंगल की ओर बढ़ रहे कदमों को पीआरडी जवान ने समय रहते रोका, पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया |

चमोली | परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली 10 वर्षीय मासूम, चोपता के घने जंगल की ओर बढ़ रहे कदमों को पीआरडी जवान ने समय रहते रोका, पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया | कभी-कभी बचपन की छोटी-सी नाराजगी भी अनजाने में बड़ी मुसीबत का कारण बन सकती है। ऐसा ही एक मामला कोतवाली गोपेश्वर क्षेत्र में सामने आया । जब जड़ी-बूटी शोध संस्थान, मंडल के समीप ड्यूटी पर तैनात PRD जवान दिनेश लाल की नजर एक 10 वर्षीय बालिका पर पड़ी, जो अकेले मंडल से चोपता की ओर जा रही थी। मासूम को अकेले जाते देख पीआरडी जवान ने उसे रोका और बड़े प्यार से उससे पूछताछ की। बच्ची ने बताया कि वह परिजनों की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आई है और चोपता जा रही है । बच्ची की बात सुनते ही PRD जवान तुरन्त इसकी सूचना चौकी प्रभारी मंडल अ0उ0नि0 विपिन त्यागी को दी। जिसके पश्चात पुलिस द्वारा बच्ची को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी मंडल लाया गया व परिजनों को सूचना देकर चौकी बुलाया गया। कुछ ही देर बाद बच्ची के परिजन चौकी पहुंचे। जिसके बाद बच्ची को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया । गौरतलब है कि मंडल से चोपता की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर घना जंगल है, जहां जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। ऐसे में महज 10 साल की बच्ची का अकेले इस सुनसान रास्ते पर आगे बढ़ना किसी अनहोनी का कारण बन सकता था। लेकिन PRD जवान दिनेश लाल की सजगता, सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने समय रहते मासूम बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुँचाया गया ।

*परिजनों के लिए संदेश-* बच्चों की छोटी-छोटी नाराजगी और मन की बातों को भी गंभीरता से समझें। उन्हें डांटने के बजाय प्यार से समझाएं, उनकी भावनाओं को सुनें और ऐसा विश्वास दें कि वे अपनी हर परेशानी आपसे बेझिझक साझा कर सकें। कभी-कभी आपकी थोड़ी-सी समझदारी और अपनापन बच्चों को गलत कदम उठाने से बचा सकता है। बच्चों को सिर्फ अच्छी परवरिश ही नहीं, आपका प्यार, समय और भरोसा भी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *