बद्रीनाथ धाम में कपाट बंद होने की प्रक्रिया हुई शुरू, अंतिम दर्शनों के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़; कपाट बंद होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने धाम पहुंचे एसपी चमोली अधिकारियों एवं जवानों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश |

चमोली | विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने की प्रक्रिया आज से पंच पूजाओं के साथ शुरू हो गई है। इसके तहत आज श्री गणेश मंदिर के कपाट बंद किए गए। कपाट बंद होने से पूर्व भगवान बद्री विशाल के अंतिम दर्शनों के लिए धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है । बंद होने के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । एसपी चमोली ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रभावी भीड़ नियंत्रण एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए । इससे पूर्व एसपी चमोली द्वारा श्री बद्रीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल जी से भेंट कर उनके वापसी कार्यक्रम की जानकारी ली। साथ ही प्रभारी धर्माधिकारी, वेदपाठी, लक्ष्मी मंदिर के पुजारियों, बीकेटीसी के अधिकारियों एवं पंडा पंचायत के सदस्यों से भी संवाद कर कपाट बंद होने से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की । उन्होंने बताया कि कपाट बंद होने के उपरांत भगवान उद्धव जी एवं कुबेर जी की उत्सव डोलियां 17 नवंबर को शीतकालीन प्रवास स्थल पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी । इसको दृष्टिगत रखते हुए डोली यात्रा के संपूर्ण मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान देने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए । श्री बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत निर्माण कार्य कर रही कार्यदायी संस्थाओं के बारे में जानकारी लेते हुए कपाट बंद होने के बाद भी जारी रहने वाले निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए। इस संबंध में थाना प्रभारी बद्रीनाथ को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया । निरीक्षण के दौरान एसपी चमोली ने मंदिर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात ITBP एवं पुलिस के जवानों से भी संवाद किया । उन्होंने जवानों की ड्यूटी एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए पूरी सतर्कता, समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *