वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत टिहरी पुलिस की विशेष पहल, स्कूली बसों का किया गया सघन निरीक्षण |

टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन एवं आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत टिहरी पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूली वाहनों की नियमित चेकिंग एवं सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया जा रहा है । इसी क्रम में कोतवाली नई टिहरी एवं थाना हिंडोलाखाल पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संचालित स्कूली बसों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा स्कूली बसों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों (फायर एक्सटिंग्विशर), मेडिकल किट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि आपातकालीन परिस्थितियों में बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण बसों में उपलब्ध हों तथा उनका उपयोग किया जा सके । निरीक्षण के दौरान बस चालकों एवं परिचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों, सुरक्षित एवं नियंत्रित गति से वाहन संचालन, यातायात नियमों का पालन करने तथा बच्चों को सुरक्षित तरीके से विद्यालय लाने एवं ले जाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें । पुलिस टीमों द्वारा चालक एवं परिचालकों को यह भी अवगत कराया गया कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति अथवा आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों का उचित उपयोग करते हुए तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके । टिहरी पुलिस की स्पष्ट प्राथमिकता है कि स्कूली बच्चों का आवागमन सुरक्षित एवं दुर्घटनारहित हो। इसी उद्देश्य से जनपद में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत स्कूली वाहनों की चेकिंग एवं जागरूकता संबंधी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी । टिहरी पुलिस की अपील: सभी स्कूल प्रबंधन एवं स्कूली वाहन संचालक निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। बसों में अग्निशमन उपकरण, मेडिकल किट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। बच्चों की सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *