टिहरी | सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात निदेशालय उत्तराखण्ड, देहरादून द्वारा राज्य में दोपहिया वाहन चालकों एवं सहयात्रियों द्वारा हेलमेट धारण करना सुनिश्चित कराने हेतु विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है । इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा संपूर्ण जनपद में व्यापक हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया । अभियान के तहत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा प्रमुख चौराहों, तिराहों, बाजारों एवं विभिन्न मार्गों पर वाहन चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पीछे बैठकर यात्रा करने वाली सवारियों को भी हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया गया तथा हेलमेट के महत्व की जानकारी दी गई । इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना के समय सिर में लगने वाली चोट सबसे अधिक घातक साबित हो सकती है। हेलमेट दुर्घटना की स्थिति में सिर को गंभीर चोटों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय केवल चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाली सवारी को भी गुणवत्तापूर्ण एवं आईएसआई मार्क हेलमेट पहनना चाहिए तथा हेलमेट की स्ट्रैप को सही तरीके से लॉक करना चाहिए । टिहरी पुलिस द्वारा आमजन को यह संदेश भी दिया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करना आवश्यक है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ।
*_टिहरी पुलिस की आमजन से अपील_*
दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय चालक एवं पीछे बैठने वाली सवारी दोनों अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। आईएसआई मार्क हेलमेट का प्रयोग करें, उसकी स्ट्रैप लॉक रखें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
आपकी सुरक्षा, आपके परिवार की खुशी।
हेलमेट पहनें – स्वयं भी सुरक्षित रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें।
टिहरी गढ़वाल पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।
















Leave a Reply