वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल सरिता डोबाल ने अपराध नियंत्रण एवं प्रभावी पुलिसिंग को लेकर ANTF एवं साइबर सेल की समीक्षा कर दिए कड़े दिशा-निर्देश ।

टिहरी | जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आदतन एवं संगठित अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने तथा साइबर अपराधों की विवेचनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल सरिता डोबाल द्वारा एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) एवं साइबर सेल को सख्त निर्देश दिए गए । एसएसपी ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी एवं साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित शाखाएं निर्धारित कार्ययोजना के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें ।

🔹 ANTF को पिछले 5 वर्षों के नशा तस्करों की वर्तमान स्थिति का रिकॉर्ड तैयार करने के सख्त निर्देश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा एएनटीएफ को निर्देशित किया गया कि जनपद में विगत 05 वर्षों के दौरान एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों की वर्तमान स्थिति का रिकॉर्ड तैयार किया जाए। इसमें अभियुक्तों के विरुद्ध दर्ज मुकदमों, पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं अन्य उपलब्ध जानकारियों का पूरा विवरण संकलित किया जाए । इसके अतिरिक्त वर्तमान में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जा रहे व्यक्तियों को भी चिह्नित कर उनका विस्तृत विवरण तैयार किया जाए। ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों, आपसी संपर्कों एवं नशा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जाए । एसएसपी ने सख्त निर्देश दिए कि बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले तथा संगठित रूप से मादक पदार्थों का अवैध कारोबार संचालित करने वाले अभियुक्तों के विरुद्ध उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार संबंधित अभियुक्तों की हिस्ट्रीशीट खोले जाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए ।

🔹 साइबर अपराधों की विवेचनाओं में तेजी लाने एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश

साइबर सेल को निर्देशित किया गया कि जनपद में साइबर अपराधों से संबंधित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए सभी विवेचकों (I.O.) को आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए । साइबर अपराधों में प्रयुक्त बैंक खातों का विवरण, पोर्टल से प्राप्त रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्य एवं अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां संबंधित विवेचकों को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि विवेचनाएं अनावश्यक रूप से लंबित न रहें और उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके । एसएसपी द्वारा यह भी निर्देश दिए गए कि साइबर अपराधों की विवेचना के दौरान विवेचकों को आने वाली तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का विस्तृत विवरण तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, जिससे समस्याओं का विश्लेषण कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें ।

🔹 लापरवाही बर्दाश्त नहीं, परिणाम आधारित कार्रवाई पर जोर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नशा तस्करी एवं संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध केवल सामान्य कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए उनके पूरे आपराधिक नेटवर्क एवं गतिविधियों की गहन जांच की जाए। आदतन अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए । साथ ही साइबर अपराधों के मामलों में तकनीकी दक्षता, आपसी समन्वय एवं त्वरित विवेचना को प्राथमिकता देते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं । एसएसपी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करते हुए कार्यों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें । टिहरी पुलिस का संकल्प है कि नशा तस्करी, संगठित अपराध एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाकर जनपद को सुरक्षित बनाने के लिए कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रखी जाएगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *