रुद्रप्रयाग | पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर की अध्यक्षता में ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से जनपद के समस्त कोतवाली प्रभारियों एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान माह सितम्बर एवं अक्टूबर में घटित अपराधों, पंजीकृत अभियोगों, लंबित विवेचनाओं तथा पुलिस द्वारा की गई विभिन्न कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
समीक्षा गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक द्वारा निम्नलिखित निर्देश दिए गए—
1. सभी कोतवाली प्रभारी अपने-अपने कोतवाली क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त एवं चेकिंग सुनिश्चित करें। संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए।
2. लंबित विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विवेचकों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण विवेचना पूर्ण करने तथा प्रभावी साक्ष्य संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
3. मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जाए। नशा तस्करों की गतिविधियों एवं नेटवर्क पर भी विशेष निगरानी रखी जाए।
4. हिस्ट्रीशीटरों, आदतन अपराधियों एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाए। आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए।
5. आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभी से आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जाएं। संवेदनशील क्षेत्रों एवं निर्वाचन को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
6. महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्यवाही की जाए। पीड़ितों को आवश्यक सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
7. साइबर अपराधों की शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए साइबर सेल के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। साथ ही आमजन को साइबर ठगी एवं ऑनलाइन अपराधों के प्रति जागरुक करने के लिए निरन्तर अभियान चलाए जाएं।
8. यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित चेकिंग की जाए। ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाए।
9. कोतवाली क्षेत्रों में निवासरत अकेले रह रहे बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों की नियमित कुशलक्षेम ली जाए तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता से कार्यवाही की जाए।
10. कोतवालियों में प्राप्त होने वाली ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए।
11. बीट पुलिसिंग को मजबूत बनाने के लिए बीट पुलिस अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें। ग्राम प्रहरियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ई-बीट बुक में सभी आवश्यक सूचनाएं एवं कार्यवाहियां नियमित रूप से अद्यावधिक की जाएं।
12. सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना सम्भावित स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी कोतवाली प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में अपराध नियंत्रण, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। पुलिसिंग में तत्परता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखते हुए आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए । गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग अवनी तिवारी एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग अशोक कुमार भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि जनपद की अन्य सभी कोतवालियों के प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से ऑनलाइन जुड़े रहे ।














Leave a Reply