टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से टिहरी पुलिस द्वारा जनपदभर में विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है । इसी क्रम में आज थाना मुनि की रेती क्षेत्र में आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा सड़क सुरक्षा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वयं अभियान की कमान संभालते हुए दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी द्वारा हेलमेट न पहने जाने पर उन्हें निःशुल्क हेलमेट वितरित किए तथा उन्हें हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया ।
*_SSP ने दिया स्पष्ट संदेश—सुरक्षा में कोई लापरवाही नहीं_*
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन को संदेश दिया कि सड़क पर वाहन चलाते समय स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ पीछे बैठने वाली सवारी की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। हेलमेट केवल पुलिस की कार्रवाई अथवा चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि अनमोल जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है । उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनने के साथ ही अपने परिवार के सदस्यों एवं परिचितों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। एक छोटी सी सावधानी किसी परिवार को जीवनभर के दुख से बचा सकती है ।
*_रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश_*
अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा जनपद के प्रमुख चौराहों, बाजारों, विभिन्न मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों द्वारा दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाली सवारियों को हेलमेट पहनने, हेलमेट की स्ट्रैप सही तरीके से बांधने तथा मानक (ISI मार्क) हेलमेट का प्रयोग करने की जानकारी दी गई । सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली गंभीर चोटें मृत्यु एवं स्थायी विकलांगता का प्रमुख कारण बनती हैं। ऐसे में सही तरीके से पहना गया मानक हेलमेट दुर्घटना के दौरान सिर की गंभीर चोटों के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है ।
*_टिहरी पुलिस की आमजन से अपील_*
– दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी भी हेलमेट अवश्य पहने।
– हमेशा मानक (ISI मार्क) हेलमेट का ही प्रयोग करें।
– हेलमेट पहनने के बाद उसकी स्ट्रैप ठीक से बांधें।
– यातायात नियमों का पालन करें तथा निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं।
– अपने बच्चों एवं परिवार के सदस्यों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
टिहरी पुलिस आमजन से अपील करती है कि हेलमेट को अपनी आदत और जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाएं। आपका जीवन आपके परिवार के लिए अनमोल है । याद रखें हेलमेट सिर की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आपके परिवार की खुशियों की सुरक्षा भी है । कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, क्षेत्राधिकारी यातायात तनुजा बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती प्रदीप चौहान, यातायात उपनिरीक्षक विपिन बिष्ट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे ।
टिहरी गढ़वाल पुलिस
आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प















Leave a Reply