बाबा केदारनाथ के जयकारों से गूंज रहा धाम, श्रद्धालुओं की निरन्तर आवाजाही से तीर्थस्थल में बना हुआ है भक्तिमय माहौल 11 नवम्बर को शीतकाल के लिए बन्द होंगे केदारनाथ धाम के कपाट, अब तक 18,95,701 श्रद्धालु कर चुके हैं बाबा के दर्शन ।

रुद्रप्रयाग | उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग जनपद में स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में वर्ष 2026 की यात्रा अपने निर्धारित पड़ाव की ओर बढ़ रही है। धाम में मौसम साफ रहने के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन करने में अनुकूल परिस्थितियां मिल रही हैं। कपाट बन्द होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही बाबा के दर्शनार्थ देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है । हिमालय की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं के बीच स्थित केदारनाथ धाम में इन दिनों प्राकृतिक सौन्दर्य श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। साफ मौसम के बीच बर्फ से ढकी पर्वत चोटियां, मनोरम वादियां और मंदिर परिसर का आध्यात्मिक वातावरण यहां आने वाले श्रद्धालुओं को एक विशेष अनुभूति प्रदान कर रहा है। बाबा के जयकारों से पूरा धाम शिवमय बना हुआ है । 11 नवम्बर को शीतकाल के लिए बन्द होंगे बाबा केदारनाथ के कपाट – केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवम्बर 2026 को शीतकाल के लिए बन्द किए जाएंगे। कपाट बन्द होने की निर्धारित तिथि से पूर्व भी श्रद्धालुओं का धाम पहुंचने का क्रम बना हुआ है। वर्ष 2026 की यात्रा में अब तक कुल 18,95,701 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की यह संख्या बाबा के प्रति देश-विदेश में विद्यमान अटूट आस्था और श्रद्धा का प्रमाण है । पैदल मार्ग, घोड़ा-खच्चर एवं हैलीकॉप्टर से धाम पहुंच रहे श्रद्धालु – बाबा केदारनाथ के दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार पैदल मार्ग, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी तथा हैलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से धाम पहुंच रहे हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए सम्बन्धित विभागों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं । श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए पुलिस की व्यवस्थाएं निरन्तर जारी – केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक सतर्कता बरती जा रही है। भीड़ प्रबन्धन, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। जिला प्रशासन एवं अन्य सम्बन्धित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखा जा रहा है । बदलते मौसम के दृष्टिगत श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील – केदारनाथ धाम में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है तथा बर्फबारी की सम्भावनाओं को देखते हुए श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जाती है। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु पर्याप्त गर्म कपड़े, आवश्यक दवाइयां एवं अन्य जरूरी सामग्री अपने साथ रखें। धाम के लिए प्रस्थान करने से पूर्व मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा अपनी शारीरिक क्षमता एवं मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप ही यात्रा करें। पैदल मार्ग पर सतर्कता बरतें और पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें | श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहयोग एवं सुगम यात्रा के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *