मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने किया फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण अग्निशमन वाहनों, उपकरणों, अभिलेखों एवं रेस्क्यू संसाधनों की कार्यशीलता का किया निरीक्षण, कार्मिकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश ।

रुद्रप्रयाग | मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह खाती द्वारा फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया | निरीक्षण का उद्देश्य अग्निशमन एवं रेस्क्यू व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु उपलब्ध संसाधनों की कार्यशीलता एवं कार्मिकों की तत्परता सुनिश्चित करना रहा । निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम परेड का निरीक्षण किया गया, जिसमें अग्निशमन अधिकारी रुद्रप्रयाग सहित समस्त उपस्थित कार्मिकों की उपस्थिति एवं अनुशासन का अवलोकन किया गया। इसके पश्चात स्टेशन परिसर, कार्यालय, स्टोर, एमटी अभिलेखों, अग्निशमन वाहनों, अग्निशमन उपकरणों, संचार व्यवस्था, फायर स्टेशन भवन की स्थिति एवं कार्मिकों की उपस्थिति का गहनता से निरीक्षण किया गया । मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा फायर स्टेशन में उपलब्ध रेस्क्यू एवं आपदा प्रबन्धन उपकरणों को कार्मिकों से बारी-बारी से संचालित करवाकर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। साथ ही अग्निशमन वाहनों एवं उपकरणों की कार्यशीलता की जांच करते हुए सभी उपकरणों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा उन्हें सदैव क्रियाशील अवस्था में बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का अवलोकन करने पर आवश्यक प्रविष्टियां अद्यतन पाई गईं ।

प्रचलित चारधाम यात्रा के दृष्टिगत मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा फायर स्टेशन पर पर्याप्त जनशक्ति उपलब्ध बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्टेशन पर नियुक्त महिला एवं पुरुष फायरमैनों को उपलब्ध अग्निशमन एवं रेस्क्यू उपकरणों के संचालन की समुचित जानकारी देने तथा आवश्यकता पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया । उन्होंने समस्त कार्मिकों को अनुशासन एवं सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि अग्निशमन एवं रेस्क्यू से सम्बन्धित किसी भी घटना में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी कार्मिक की व्यक्तिगत अथवा विभागीय समस्या होने पर उचित माध्यम से उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाने तथा स्टेशन प्रभारी को प्राप्त समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए । इसके अतिरिक्त, अग्निशमन एवं रेस्क्यू घटनाओं के दौरान कार्मिकों को अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा घटनास्थल पर पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE) का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों को सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से सम्पादित किया जा सके । निरीक्षण के अन्त में मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा फायर स्टेशन की साफ-सफाई, अनुशासन एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही सभी कार्मिकों को भविष्य में भी किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने हेतु सदैव तत्पर रहने तथा जनसुरक्षा के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *