धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दृष्टिगत सोनप्रयाग पुलिस ने त्रियुगीनारायण में व्यापारियों के साथ की बैठक, सुरक्षा के उपायों को लेकर किया जागरुक ।

सोनप्रयाग । आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को सकुशल एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं । इसी क्रम में एसएचओ सोनप्रयाग श्री सुरेश चन्द्र बलूनी की अध्यक्षता में कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस द्वारा त्रियुगीनारायण में स्थानीय व्यापारियों एवं आम जनता के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआई महेश रावत सहित क्षेत्र के सम्मानित व्यापारी एवं स्थानीय जनता उपस्थित रहे । बैठक के दौरान व्यापारियों को धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस टीम द्वारा पटाखों की दुकानों के संचालन के दौरान विशेष सावधानी बरतने, निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान पर ही पटाखों की बिक्री करने, दुकानों में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने तथा ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित दूरी पर रखने के सम्बन्ध में जानकारी दी गई  । इसके अतिरिक्त दुकानों में विद्युत उपकरणों एवं वायरिंग की जांच करने, आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को सूचना देने तथा बाजार क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरुक किया गया । पुलिस द्वारा सभी व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से पर्व के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई । बैठक के दौरान सुरक्षा सम्बन्धी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। क्षेत्र में शान्ति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *