लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 151वीं जयन्ती पर जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने देखा राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का सजीव प्रसारण ।

रुद्रप्रयाग | पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय महोदय ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारम्भ, पुलिस कार्मिकों एवं छात्र-छात्राओं ने दीं राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां । लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 151वीं जयन्ती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सांयकाल 05:30 बजे से रुद्रप्रयाग पुलिस बल द्वारा पुलिस लाइन रतूड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम एवं परेड का सजीव प्रसारण देखा गया । इस हेतु आयोजित हुए कार्यक्रम का शुभारम्भ बरिन्दर जीत सिंह, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय/प्रोविजनिंग एण्ड मॉडर्नाइजेशन, उत्तराखण्ड द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक लोकजीत सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर द्वारा पुलिस महानिरीक्षक का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डायट रतूड़ा में अध्ययनरत डीएलएड के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके उपरान्त पुलिस कार्मिकों एवं डायट रुद्रप्रयाग में अध्ययनरत डी.एल.एड. के छात्र-छात्राओं व गुरु राम राय पब्लिक स्कूल रुद्रप्रयाग, रा.इ.का. रतूड़ा के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता, अखण्डता एवं देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं । इसके पश्चात सांयकाल समय 05:30 बजे बड़ी स्क्रीन के माध्यम से गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड एवं कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक महोदय, पुलिस अधीक्षक लोकजीत सिंह, पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर, जनपद पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, डीएलएड के प्रशिक्षु एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे । इसी क्रम में जनपद की सभी 5 कोतवाली एवं थानों में भी बड़ी स्क्रीन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम एवं परेड का सजीव प्रसारण देखा गया। सम्बन्धित कोतवाली एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस कार्मिकों तथा थाना क्षेत्रों के सम्भ्रान्त व्यक्तियों ने कार्यक्रम का अनुश्रवण किया । लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता एवं अखण्डता को सुदृढ़ करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी 151वीं जयन्ती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम हमें राष्ट्र की एकता, अखण्डता एवं सम्प्रभुता की रक्षा करने तथा आपसी सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत बनाए रखने की प्रेरणा देता है । जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस राष्ट्रीय एकता, अखण्डता एवं सामाजिक सद्भाव के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है तथा राष्ट्र की सुरक्षा एवं सेवा के लिए निरन्तर तत्पर है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *