रुद्रप्रयाग | आगामी दीपावली पर्व के दौरान आतिशबाजी एवं अन्य कारणों से आग लगने की सम्भावनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशानुसार जनपद में अग्निशमन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं । इसी क्रम में फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग के अधीनस्थ फायर यूनिट अगस्त्यमुनि द्वारा अग्निशमन वाहनों एवं उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभ्यास किया गया । अभ्यास के दौरान अग्निशमन वाहनों में उपलब्ध फायर पम्प, फोम कम्पाउंड, होज पाइप सहित अन्य अग्निशमन उपकरणों का परीक्षण किया गया। साथ ही सभी उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जांच कर उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल उपयोग के लिए तैयार रखा गया । दीपावली पर्व के दौरान आग से सम्बन्धित किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन इकाइयों को सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय रहते आग पर काबू पाकर जन-धन की हानि को रोका जा सके । रुद्रप्रयाग पुलिस आमजन से अपील करती है कि दीपावली पर आतिशबाजी करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें, ज्वलनशील पदार्थों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें ।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन इकाइयों को रखा जा रहा है सतर्क एवं तैयार ।
















Leave a Reply