केदारनाथ धाम में मुस्तैद पुलिस जवानों के लिए विशेष दंत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन; डॉ. रतिका सोलंकी ने किया परीक्षण एवं उपचार |

रुद्रप्रयाग | केदारनाथ धाम में अत्यधिक ठंड, कम ऑक्सीजन और विषम परिस्थितियों के बीच देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, सुगम दर्शन और व्यवस्था संचालन में जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान दिन-रात पूरी निष्ठा के साथ डटे हुए हैं। यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक तीर्थयात्रियों की हरसम्भव सहायता करने वाले इन सुरक्षाकर्मियों के स्वास्थ्य और शारीरिक सम्बल को प्राथमिकता देते हुए धाम में एक विशेष स्वास्थ्य एवं दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
वर्तमान में केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं के सफल संचालन हेतु जनपद रुद्रप्रयाग में अपनी सेवाएं दे रहे अपर पुलिस अधीक्षक लोकजीत सिंह के विशेष प्रयासों के फलस्वरूप यह शिविर “डेंटारा.इन क्लीनिक” (देहरादून) तथा “आदित्य रामदास फाउंडेशन” की संस्थापक व निदेशक डॉ. रतिका सोलंकी द्वारा आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान डॉ. रतिका सोलंकी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों व जवानों के स्वास्थ्य एवं दांतों का परीक्षण किया। अत्यधिक ठंड के मौसम में मुख व दंत समस्याओं से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी देते हुए उन्होंने जवानों को उचित उपचार व नियमित देखभाल के सम्बन्ध में आवश्यक परामर्श दिया। इसके साथ ही दांतों की सामान्य व तात्कालिक समस्याओं का मौके पर ही समाधान एवं उपचार किया गया तथा ओरल केयर किट भी वितरित की गईं । कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में निरन्तर सजग रहकर सेवा दे रहे पुलिस बल के मनोबल और स्वास्थ्य कल्याण को ध्यान में रखते हुए किया गया यह प्रयास बेहद उपयोगी एवं सराहनीय रहा। केदारनाथ धाम में ड्यूटीरत पुलिस जवानों ने इस पहल के लिए डॉ. रतिका सोलंकी का आभार व्यक्त किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *