टिहरी | जनपद में संभावित प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज आपदा दिवस’ के अवसर पर टिहरी पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संबंधित विभागों के साथ व्यापक स्तर पर संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया । उत्तराखण्ड शासन एवं उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में आयोजित इन मॉक अभ्यासों में बाढ़, वनाग्नि, भूकंप, बादल फटने, रोपवे में तकनीकी खराबी एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों को लेकर काल्पनिक घटनाक्रम तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया ।
*_गंगा नदी में संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर संयुक्त मॉक ड्रिल_*
टिहरी डैम से 1000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के उपरांत गंगा नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए थाना मुनि की रेती पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस, फ्लड कंपनी, नगर पालिका एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा संयुक्त मॉक ड्रिल की गई । इस दौरान नदी में फंसे व्यक्तियों का रेस्क्यू करने, स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, घायलों को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने का अभ्यास किया गया ।
*_सुरकंडा मंदिर रोपवे में तकनीकी खराबी की स्थिति में किया रेस्क्यू अभ्यास_*
कोतवाली चम्बा पुलिस द्वारा सुरकंडा मंदिर रोपवे में तकनीकी खराबी के कारण बीच में रुकी ट्रॉली में व्यक्तियों के फंसे होने की काल्पनिक स्थिति तैयार कर मॉक ड्रिल की गई । इस दौरान रोपवे में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने एवं त्वरित राहत-बचाव कार्यवाही करते हुए उनका सकुशल रेस्क्यू करने का अभ्यास किया गया।
*_बागेश्वर टनल में आयोजित की गई मॉक ड्रिल_*
कोतवाली देवप्रयाग पुलिस द्वारा बागेश्वर टनल में संभावित आपातकालीन परिस्थिति को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान आपदा की स्थिति में तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने, प्रभावित व्यक्तियों की सहायता करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करने का अभ्यास किया गया।
*_ग्राम कण्डी थाना छाम क्षेत्र में वनाग्नि से बचाव को लेकर मॉक ड्रिल_*
आगामी वनाग्नि काल के दृष्टिगत तहसील कण्डीसौड़ के ग्राम कण्डी में वनाग्नि से संबंधित मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें थाना छाम पुलिस ने प्रतिभाग किया । इस दौरान वनाग्नि की सूचना पर तत्काल घटनास्थल पहुंचने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, भीड़ एवं यातायात नियंत्रण तथा वन विभाग, राजस्व विभाग एवं अन्य राहत टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर बचाव कार्यों में सहयोग करने का अभ्यास किया गया ।
*_प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नैनबाग में भूकंप एवं आग लगने की स्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन_*
कोतवाली कैम्पटी क्षेत्रान्तर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नैनबाग में भूकंप के कारण शॉर्ट सर्किट से आग लगने की काल्पनिक घटना को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई । इस दौरान भवन में फंसे घायल व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने तथा घायलों को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित राहत-बचाव टीमों द्वारा आपसी समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया ।
*_घनसाली में भूकंप एवं बादल फटने की परिस्थितियों को लेकर व्यापक मॉक अभ्यास_*
थाना घनसाली क्षेत्रान्तर्गत आपदा दिवस के अवसर पर ब्लॉक घनसाली में विभिन्न विभागों की संयुक्त सहभागिता से मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय पुलिस, तहसील प्रशासन, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, डीसीआरबी, इंटरसेप्टर, एचपीयू, स्वास्थ्य, वन, विद्युत, पशुपालन, राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया । मॉक अभ्यास के दौरान गिरगांव ब्लॉक रोड पर भूकंप आने से एक भवन क्षतिग्रस्त होने की काल्पनिक सूचना पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्यवाही का अभ्यास किया गया। इसी दौरान ग्राम जखन्याली में बादल फटने की सूचना प्राप्त होने पर सभी संबंधित विभागों द्वारा आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए गए । अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों एवं चुनौतियों का अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा समन्वित रूप से निर्वहन किया गया तथा आपातकालीन परिस्थितियों में विभागीय तत्परता एवं कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया ।
*_आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध टिहरी पुलिस_*
संयुक्त मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी प्राकृतिक अथवा मानवजनित आपदा की स्थिति में जनहानि को न्यूनतम करना, प्रभावित व्यक्तियों को त्वरित राहत पहुंचाना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है । टिहरी पुलिस द्वारा जनपद में संभावित बाढ़, वनाग्नि, भूकंप, बादल फटने एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर तैयारियां की जा रही हैं । टिहरी पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सदैव सतर्क, सजग एवं प्रतिबद्ध है ।
















Leave a Reply