वर्दी के फर्ज के साथ इंसानियत की जिम्मेदारी भी निभा रहे थानाध्यक्ष थराली विनोद चौरसिया, अपने वेतन से दिए ₹11 हजार |

चमोली | खाकी वर्दी केवल कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय दायित्व निभाने का भी प्रतीक है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए थानाध्यक्ष थराली विनोद चौरसिया ने अपने वेतन से ₹11,000 की धनराशि सूना गांव स्थित गौ सदन को सहयोग स्वरूप प्रदान की । गौ सदन में वर्तमान में 42 निराश्रित गोवंशों को आश्रय दिया जा रहा है। थानाध्यक्ष द्वारा दी गई इस धनराशि का उपयोग गोवंशों के लिए चारा, भूसा एवं पौष्टिक आहार की व्यवस्था में किया जाएगा, जिससे बेजुबान पशुओं के भरण-पोषण में मदद मिल सकेगी । थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने उक्त धनराशि सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह को सौंपते हुए क्षेत्रवासियों से भी गौ सदन के संचालन एवं गोवंशों की देखभाल के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की । उन्होंने कहा कि बेजुबान पशु अपनी पीड़ा किसी से कह नहीं सकते। भूख, ठंड और सड़क हादसों का दर्द उन्हें भी सहना पड़ता है। पशुपालकों को चाहिए कि वे अपने पशुओं को बेसहारा सड़कों पर न छोड़ें और उनकी जिम्मेदारी का निर्वहन करें। पशुओं को सुरक्षित रखना ही सच्ची गोसेवा है । गौ सदन में सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह, प्रेमचंद देवराड़ी एवं अन्य सदस्य निस्वार्थ भाव से निराश्रित गोवंशों की देखभाल कर रहे हैं। क्षेत्रीय लोग भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग कर इस पुनीत कार्य में सहभागी बन रहे हैं ।

*चमोली पुलिस की अपील*

अपने पशुओं को बेसहारा सड़कों पर न छोड़ें। यदि कहीं निराश्रित गोवंश दिखाई दें तो इसकी सूचना संबंधित गौ सदन अथवा स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि उन्हें सुरक्षित आश्रय एवं उचित देखभाल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *