चमोली | सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ वाहन चालक की नहीं, पीछे बैठकर सफर करने वाले सह-सवार की भी है। दोपहिया वाहन पर सफर करते समय हेलमेट चालक और पिलियन राइडर दोनों के लिए अनिवार्य है । यातायात निदेशालय देहरादून से प्राप्त निर्देशों के क्रम पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए चमोली पुलिस द्वारा सम्पूर्ण जनपद में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे है । इसी क्रम में आज थाना पोखरी पुलिस द्वारा राजकीय महाविद्यालय नागनाथ पोखरी एवं राजकीय पॉलिटेक्निक पोखरी, कोतवाली गोपेश्वर, कोतवाली गैरसैंण, कोतवाली ज्योतिर्मठ, कोतवाली चमोली, थाना थराली तथा यातायात पुलिस चमोली द्वारा जनपद के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया गया । इस दौरान आमजन एवं छात्र-छात्राओं को दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले सह-सवार के लिए भी हेलमेट पहनने की अनिवार्यता के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही जागरूकता पंपलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ अपने सहयात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया । चमोली पुलिस द्वारा आमजन को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि दिनांक 23 नवम्बर 2026 से दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठी सवारी द्वारा हेलमेट नहीं पहनने पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के माध्यम से पुलिस द्वारा नियमों के प्रति जागरूकता के साथ ही कार्रवाई से पूर्व लोगों को सचेत किया जा रहा है, ताकि निर्धारित तिथि से पहले ही सभी वाहन चालक और सह-सवार जागरूक हो ।
*चमोली पुलिस की अपील—* दोपहिया वाहन पर सफर करते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति, दोनों हेलमेट अवश्य पहनें और उसकी स्ट्रिप लॉक करना न भूलें। यातायात नियमों का पालन चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपनों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए करें। निकट भविष्य में हेलमेट नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
















Leave a Reply