आधुनिक तकनीक से सुदृढ़ होगी रुद्रप्रयाग पुलिस की संचार व्यवस्था, पुलिस अधीक्षक, पुलिस दूरसंचार मुख्यालय जसवीर सिंह ने किया विस्तृत निरीक्षण ।

रुद्रप्रयाग | पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार मुख्यालय जसवीर सिंह द्वारा आज गुरुवार को जनपद रुद्रप्रयाग स्थित पुलिस संचार शाखा का विस्तृत निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष में संचालित विभिन्न तकनीकी व्यवस्थाओं, आधुनिक संचार प्रणालियों एवं पुलिसिंग में उपयोग किए जा रहे तकनीकी संसाधनों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने उपस्थित संचार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर संचार व्यवस्था की समीक्षा की तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए । निरीक्षण के दौरान ड्रोन संचालन एवं निगरानी व्यवस्था, CCTV सर्विलांस सिस्टम, वायरलेस संचार व्यवस्था, POLNET तथा डायल-112 आपातकालीन सेवा केंद्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित व्यवस्थाओं की कार्यशीलता, तकनीकी उपयोगिता एवं संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की । ड्रोन तकनीक एवं फॉरेंसिक पर विशेष जोर – इस दौरान पुलिस अधीक्षक, पुलिस दूरसंचार मुख्यालय जसवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिसिंग के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का महत्व लगातार बढ़ रहा है। विशेष रूप से ड्रोन तकनीक आने वाले समय में कानून-व्यवस्था, निगरानी, सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली है । उन्होंने कार्मिकों को ड्रोन संचालन के साथ-साथ ड्रोन फॉरेंसिक, एंटी-ड्रोन तकनीक एवं ड्रोन से संबंधित अन्य आधुनिक तकनीकी पहलुओं में भी प्रशिक्षण प्राप्त कर विशेषज्ञता विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में तेजी से बदलाव एवं नए विकास होंगे, इसलिए सभी संबंधित कार्मिकों को इन तकनीकों के प्रति जागरूक रहते हुए स्वयं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रखना होगा । इसी क्रम में पुलिस संचार शाखा में स्थापित ड्रोन मॉनिटरिंग सेल के माध्यम से जनपद में संचालित ड्रोन गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा ड्रोन की उड़ान एवं संचालन से संबंधित गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । आगामी कुंभ मेला एवं निर्वाचन के कम्युनिकेशन प्लान की समीक्षा – आगामी कुंभ मेला एवं निर्वाचन ड्यूटी के दृष्टिगत उन्होंने सभी संचार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण रखने, तकनीकी संसाधनों को क्रियाशील बनाए रखने तथा ड्यूटी के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए । आगामी निर्वाचन के लिए विशेष रूप से वायरलेस नेटवर्क के ट्रायल एवं परीक्षण की कार्यवाही समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने को कहा, ताकि निर्वाचन के दौरान सभी संबंधित स्थानों के बीच निर्बाध एवं प्रभावी संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। साथ ही कुंभ मेला एवं निर्वाचन के लिए प्रभावी कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने, संचार नेटवर्क की उपलब्धता एवं तकनीकी संसाधनों की आवश्यकता का पूर्व आकलन करने पर भी जोर दिया गया ।

संचार व्यवस्था एवं तकनीकी संसाधनों के संबंध में दिशा-निर्देश

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक, पुलिस दूरसंचार मुख्यालय जसवीर सिंह द्वारा निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए—

1. डायल-112 फीडबैक: डायल-112 के माध्यम से प्राप्त होने वाली आपातकालीन कॉल के संबंध में कॉलर से फीडबैक अवश्य प्राप्त किया जाए। इससे पुलिस की आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता एवं कार्यप्रणाली में सुधार किया जा सकेगा।
2. थाना एवं चौकी संचार व्यवस्था: जनपद के समस्त थानों एवं चौकियों के साथ वायरलेस तथा अन्य संचार माध्यमों का संपर्क सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखा जाए। संचार में किसी भी प्रकार की बाधा को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
3. VHF एवं HF उपकरणों की कार्यशीलता: सभी VHF एवं HF वायरलेस उपकरणों को सदैव क्रियाशील स्थिति में रखा जाए। उपकरणों की नियमित जांच एवं तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
4. समयबद्ध रखरखाव: किसी भी संचार उपकरण में तकनीकी खराबी आने पर तत्काल सूचना एवं मरम्मत की कार्यवाही की जाए। उपकरणों का नियमित एवं समयबद्ध रखरखाव सुनिश्चित करते हुए ब्रेकडाउन अवधि को न्यूनतम रखा जाए।
5. तकनीकी दक्षता: सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आधुनिक संचार तकनीक, CCTV सर्विलांस, ड्रोन संचालन एवं अन्य तकनीकी प्रणालियों के संबंध में अपने ज्ञान एवं कार्यक्षमता को निरंतर विकसित करें।
6. भविष्य की तैयारी: आगामी कुंभ मेला एवं निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों के दृष्टिगत संचार नेटवर्क, वायरलेस उपकरणों, CCTV एवं अन्य तकनीकी संसाधनों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए।

तकनीकी रूप से सक्षम पुलिसिंग पर जोर – पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार मुख्यालय जसवीर सिंह ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीकी दक्षता अत्यंत महत्वपूर्ण है। संचार व्यवस्था की विश्वसनीयता, तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता एवं उनका प्रभावी उपयोग किसी भी आपातकालीन परिस्थिति अथवा बड़े आयोजन के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं । उन्होंने सभी कार्मिकों को अपनी तकनीकी जानकारी निरंतर अपडेट रखने, नई तकनीकों को सीखने तथा कार्य के प्रति जिम्मेदारी एवं तत्परता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया । इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार, पौड़ी परिक्षेत्र अनूप काला ,निरीक्षक पुलिस दूरसंचार प्रमोद पेटवाल, उपनिरीक्षक पुलिस दूरसंचार सुनील नौटियाल एवं उपनिरीक्षक पुलिस संचार राकेश मोहन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे । निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस संचार व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ बनाना, उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की कार्यशीलता सुनिश्चित करना, कार्मिकों की तकनीकी दक्षता में वृद्धि करना तथा आगामी कुंभ मेला एवं निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों के लिए पुलिस संचार तंत्र को पूरी तरह तैयार रखना रहा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *