पिथौरागढ़ | जनपद पिथौरागढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु जनपद पुलिस द्वारा सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं । आज पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव द्वारा पुलिस लाइन पिथौरागढ़ में नियुक्त पुलिस बल, होमगार्ड्स एवं पीआरडी जवानों को ब्रीफ करते हुए उन्हें उनके मतदान स्थलों के लिए रवाना किया गया । इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ गोविन्द बल्लभ जोशी तथा पुलिस उपाधीक्षक धारचुला कुंवर सिंह रावत भी उपस्थित रहे । एसपी पिथौरागढ़ द्वारा सभी पुलिसकर्मियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सतर्कता एवं निष्पक्षता से करें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि—
• कानून व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को तत्काल रोका जाए।
• किसी भी प्रकार की अराजकता की स्थिति में तत्काल अपने सैक्टर अधिकारियों को सूचना दी जाए।
• अराजक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने में कोई भी कोताही न बरती जाए।
श्रीमती रेखा यादव ने विश्वास दिलाया कि जनपद पुलिस हर चुनौती से निपटने को तैयार है तथा चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना ही प्राथमिक उद्देश्य है।















Leave a Reply