पिथौरागढ़ | जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में साइबर अपराध के एक गंभीर प्रकरण का सफल खुलासा करते हुए अभियुक्तों को चिन्हित कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। एक मुख्य अभियुक्त पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है ।
प्रकरण का विवरण:
डीडीहाट निवासी एक महिला द्वारा कोतवाली डीडीहाट में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध तहरीर दी गयी थी, जिसमें वादिनी को अश्लील संदेश भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। तहरीर के आधार पर धारा 67(A) IT एक्ट व धारा 78 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
कार्रवाई का क्रम:
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के आदेश पर सीओ ऑपरेशन गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जौलजीबी संजीव कुमार को विवेचना सौंपी गई। सुरागरसी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अभियुक्त हरीश सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी बागेश्वर, हाल निवासी डीडीहाट को गिरफ्तार किया गया।
टेक्निकल इनपुट्स से हुआ बड़ा खुलासा:
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि हरीश सिंह को अश्लील संदेश भेजने हेतु फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराए जाते थे। इन सिमों के पीछे चार स्थानीय युवकों की संलिप्तता उजागर हुई है:
1. चन्दन सिंह खोलिया पुत्र सोभन सिंह खोलिया, निवासी मल्लाढूंगा डीडीहाट
2. नवीन चन्द्र देऊपा पुत्र हरीश सिंह, निवासी चौबाटी बिचकोट, डीडीहाट
3. अमित कुमार पुत्र चन्दन राम, निवासी तहसील वार्ड, डीडीहाट
4. निलेश जोशी पुत्र जगदीश चन्द्र, निवासी चामली, घिमाली, डीडीहाट
इन व्यक्तियों द्वारा लोगों की आईडी पर दो-दो सिम ली जाती थीं, जिनमें से एक सिम उनके संज्ञान के बिना छिपाकर हरीश सिंह को बेची जाती थी। उन्हीं सिमों से महिलाओं को अश्लील संदेश भेजे जाते थे।
धारा में वृद्धि:
गंभीरता को देखते हुए अभियोग में धारा 61(2) BNS की बढ़ोत्तरी की गयी है। चारों सहयोगियों को विधिक नोटिस प्रदान कर कानून के शिकंजे में ले लिया गया है।
पुलिस की अपील:
जनपद पिथौरागढ़ पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपनी आईडी पर सिम लेने या देने से पूर्व पूर्ण सतर्कता बरतें। यदि कोई व्यक्ति आपकी आईडी का दुरुपयोग करता है, तो आप भी कानूनी रूप से उत्तरदायी हो सकते हैं ।















Leave a Reply