सीमा सुरक्षा और रणनीतिक समन्वय हेतु DRDO अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित |

पिथौरागढ़ | जनपद पिथौरागढ़ की अन्तर्राष्ट्रीय सीमाओं से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, रेखा यादव के कुशल निर्देशन में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई । इस बैठक का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ गोविन्द बल्लभ जोशी एवं थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पाण्डेय द्वारा किया गया, जिसमें पिथौरागढ़ पण्डा स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही । बैठक के दौरान पिथौरागढ़ की भौगोलिक संवेदनशीलता एवं नेपाल-चीन सीमा से सटे क्षेत्रों की सुरक्षा चुनौतियों पर व्यापक चर्चा की गई। दोनों एजेंसियों के बीच रणनीतिक समन्वय, सूचना साझा करने की प्रणाली, आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के संबंध में गहन विचार-विमर्श हुआ । बैठक में DRDO की ओर से तकनीकी सहयोग एवं आवश्यक संसाधनों के उपयोग पर भी सहमति बनी, जिससे सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाया जा सके । जनपद पुलिस एवं DRDO के मध्य समन्वय की यह पहल, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सकेगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *