थाना गंगोलीहाट पुलिस ने टैक्सी चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक |

पिथौरागढ़ | पर्यटन सत्र की शुरुआत के साथ ही जनपद पिथौरागढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में गंगोलीहाट थाना पुलिस द्वारा टैक्सी चालकों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव के मार्गदर्शन में जनपद भर में सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं और पेशेवर वाहन चालकों को यातायात नियमों, नशा सेवन, अत्यधिक गति, हेलमेट/सीट बेल्ट के प्रयोग तथा साइबर अपराधों के प्रति सजग एवं जागरूक करना है । थानाध्यक्ष गंगोलीहाट हीरा सिंह डांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय टैक्सी चालकों व टैक्सी वाहन स्वामी को यातायात नियमों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। चालकों को बताया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी न केवल उनके स्वयं के जीवन को संकट में डालती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। कार्यक्रम के दौरान चालकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन हेतु शपथ भी दिलाई गई । इसके अतिरिक्त, पुलिस टीम ने चालकों से अपील की कि वे पर्यटकों के प्रति सहयोगात्मक एवं शालीन व्यवहार अपनाएं, जिससे जनपद में सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सकारात्मक पर्यटन वातावरण का निर्माण हो सके ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *