पिथौरागढ़ | जिले के युवाओं को उनके भविष्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आज एक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत ‘पुलिस की पाठशाला’ श्रृंखला के तहत एस.डी.एस. राजकीय इंटर कॉलेज, पिथौरागढ़ में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया । इस अवसर पर सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु समय प्रबंधन, एकाग्रता और निरंतर अभ्यास जैसे महत्वपूर्ण सूत्रों पर मार्गदर्शन दिया । उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि समर्पण और अनुशासन के साथ किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। सत्र के दौरान सीओ महोदय ने न केवल करियर मार्गदर्शन दिया, बल्कि विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति, साइबर अपराधों से बचाव, बाल अपराध की रोकथाम तथा मानव तस्करी जैसी ज्वलंत समस्याओं के प्रति भी सचेत किया।
कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक अयूब अली ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, ओवर स्पीडिंग से बचाव और ट्रैफिक सिग्नल के पालन की महत्ता को रेखांकित किया।
वहीं साइबर सेल से का0 मनोज कुमार ने साइबर अपराधों की वर्तमान स्थिति पर जागरूक किया और सोशल मीडिया, ओटीपी धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी आदि से बचाव के उपायों को सरल भाषा में विद्यार्थियों को समझाया। उन्होंने साइबर अपराध की रिपोर्टिंग प्रक्रिया पर भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान किशोरावस्था में उत्पन्न होने वाले मानसिक तनाव और दबाव से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई, तथा विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और मानसिक दृढ़ता विकसित करने की प्रेरणा दी गई । विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में उपस्थित रहे ।















Leave a Reply