थाना जाजरदेवल पुलिस ने टैक्सी चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक |

पिथौरागढ़  |पर्यटन सीज़न की शुरुआत के साथ ही जनपद पिथौरागढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में थाना जाजरदेवल अंतर्गत चौकी वड्डा पुलिस द्वारा टैक्सी चालकों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल के निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव के कुशल मार्गदर्शन में जनपदभर में सड़क सुरक्षा व यातायात जागरूकता से जुड़े विभिन्न अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य आमजन विशेषकर युवाओं व पेशेवर वाहन चालकों को यातायात नियमों नशे के दुष्परिणामों तेज़ रफ्तार (ओवरस्पीडिंग), हेलमेट/सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना है । इस कार्यक्रम में थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पाण्डे के नेतृत्व में चौकी प्रभारी वड्डा आशीष रावत तथा उनकी पुलिस टीम ने स्थानीय टैक्सी चालकों को यातायात नियमों की महत्ता से अवगत कराया। चालकों को यह समझाया गया कि नियमों का उल्लंघन न केवल स्वयं के जीवन को खतरे में डालता है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है । कार्यक्रम के अंत में सभी टैक्सी चालकों को सुरक्षित, संयमित और जिम्मेदार वाहन संचालन की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही पुलिस टीम ने उनसे अनुरोध किया कि वे पर्यटकों के प्रति सहयोगपूर्ण, विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार अपनाएं, ताकि जनपद में सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण पर्यटन वातावरण सुनिश्चित किया जा सके ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *