एनसीसी कैडेट्स को थाना झूलाघाट पुलिस ने यातायात के प्रति किया जागरूक |

पिथौरागढ़ | वर्तमान में पर्यटन सत्र को ध्यान में रखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊं परिक्षेत्र, नैनीताल के निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, रेखा यादव के आदेशानुसार जनपद में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति सजग एवं जागरूक करना है । इसी क्रम में आज थानाध्यक्ष झूलाघाट दिनेश चंद्र सिंह के नेतृत्व में अपर उप निरीक्षक कुबेर सिंह एवं पुलिस टीम द्वारा 80वीं बटालियन एनसीसी, पिथौरागढ़ के कैडेट्स को सड़क सुरक्षा विषय पर जागरूक किया गया | कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाना, नशे की हालत में वाहन न चलाना तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी दी गई । साथ ही “नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान” के अंतर्गत नशे के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त, साइबर अपराध, बाल अपराध तथा मानव तस्करी जैसे गंभीर विषयों के प्रति भी जागरूकता प्रदान की गई । कार्यक्रम में आपातकालीन सेवा नंबर – 112, 1930, 1090 आदि के उपयोग और महत्व की भी विस्तृत जानकारी दी गई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *