पिथौरागढ़ | जिलाधिकारी पिथौरागढ़ विनोद गिरी गोस्वामी व पिथौरागढ़ जिले की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने एक अनोखी पहल के तहत जनपद के 10498 फिट पर स्थित वाइब्रेन्ट विलेज गुंजी में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों पर गहरी चर्चा की और समाधान का आश्वासन दिया । ग्रामीणों ने खुशी जताई कि यह पहली बार था जब उनके गांव में किसी डीएम व एसपी ने रात्रि चौपाल का आयोजन किया था। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को विभिन्न अपराधों के प्रति जागरूक किया और पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने साइबर अपराधों, महिला अपराधों, नशे के दुष्परिणामों, सड़क सुरक्षा, बाल अपराध, मानव तस्करी, और डिजिटल स्कैम के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। खासकर आगामी यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए यात्रियों के साथ धोखाधड़ी की घटनाओं को रोकने के लिए साइबर अपराधों से संबंधित जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। स्थानीय निवासियों को फर्जी यात्रा वेबसाइट्स, होटल बुकिंग धोखाधड़ी और हेली बुकिंग धोखाधड़ी के बारे में चेतावनी दी और उन्हें ओटीपी को किसी के साथ भी साझा न करने की सलाह दी। साथ ही होम स्टे संचालकों को बताया कि किसी भी विदेशी नागरिक के प्रवास करने पर फार्म सी अनिवार्य रूप से भरा जाये । यह पहल पुलिस विभाग द्वारा ग्रामीण समुदाय के साथ विश्वास और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए की गई थी, ताकि वे अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक हों ।
पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ व जिलाधिकारी पिथौरागढ़ द्वारा, ग्राम गुंजी में रात्रि चौपाल का आयोजन |















Leave a Reply