विदेशी नागरिकों के प्रवास की सूचना अनिवार्य रूप से ऑनलाइन ‘फॉर्म-सी’ के माध्यम से दें |

पिथौरागढ़ | जनपद पिथौरागढ़ में वर्तमान में बड़ी संख्या में पर्यटक एवं विदेशी नागरिक आदि कैलाश, ओम पर्वत एवं अन्य पर्यटक स्थलों की यात्रा हेतु आगमन कर रहे हैं। ऐसे में स्थानीय जनता, होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, होम स्टे संचालक एवं अन्य सभी प्रवास स्थलों के जिम्मेदार व्यक्तियों को अवगत कराया जाता है कि यदि किसी विदेशी नागरिक के द्वारा उनके निजी या सार्वजनिक स्थलों पर रात्रि विश्राम (Stay) किया जाता है तो उसकी सूचना विदेशी पंजीकरण अधिकारी को 24 घंटे के भीतर देना अनिवार्य है ।

इस हेतु आपसे निम्न कार्यवाही सुनिश्चित करने की अपील की जाती है:

प्रत्येक विदेशी नागरिक के पासपोर्ट, वीजा तथा यात्रा विवरण को निर्धारित प्रारूप (फॉर्म-सी) में https://indianfrro.gov.in/frro/FormC/menuuserreg.jsp लिंक पर जाकर ऑनलाइन दर्ज किया जाए। इसके लिए पहले अपने प्रतिष्ठान को पोर्टल पर पंजीकृत करें, तत्पश्चात प्रत्येक विदेशी नागरिक का विवरण अलग-अलग (फार्म- सी) भरें।

विदेशी नागरिक के पासपोर्ट एवं वीजा की छायाप्रति सुरक्षित रखें, और एक पृथक रजिस्टर तैयार कर उसमें उनका विवरण व्यवस्थित ढंग से संकलित करें।

किसी विदेशी नागरिक की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर तत्काल निकटवर्ती पुलिस थाने को सूचित करें।

जो विदेशी नागरिक नेपाल जाने की योजना बना रहे हों, उन्हें स्पष्ट रूप से अवगत कराएं कि जनपद पिथौरागढ़ से नेपाल जाने हेतु कोई अधिकृत (वैध) मार्ग नहीं है। अतः वे झूला पुलों अथवा अन्य अनधिकृत रास्तों का प्रयोग न करें।

‘फॉर्म-सी’ ऑनलाइन न भरने अथवा सूचना छिपाने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कारावास का प्रावधान भी शामिल है।

सभी प्रवास स्थल संचालकों, नागरिकों एवं हितधारकों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस आदेश का गंभीरता से पालन करें, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके और कानून के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित हो । किसी भी समस्या, सुझाव या जानकारी के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9411112806 पर संपर्क किया जा सकता है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *