पिथौरागढ़ | पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण ऑनलाईन गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया गया एवं सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए ।
गोष्ठी में निम्न बिंदुओं पर विशेष निर्देश प्रदान किए गए: बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन:
जनपद में निवास कर रहे सभी बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। सत्यापन के दौरान किसी भी व्यक्ति के संदिग्ध पाए जाने पर उस पर कड़ी निगरानी रखी जाए एवं संबंधित थाने से उसका वैरिफिकेशन अवश्य किया जाए।
थानों में लंबित मालों का निस्तारण:
थानों में वर्षों से लंबित मालों का विधिवत एवं नियमानुसार निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए।
ऑनलाइन पोर्टलों पर सक्रियता:
जनता को शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन पोर्टलों का पूर्ण लाभ दिलाने हेतु थाना स्तर पर सक्रियता से कार्य किया जाए।
सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता:
अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर एसएसबी के साथ समन्वय स्थापित कर चौकसी बढ़ाई जाए एवं नियमित गश्त की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई:
जनपद में शांति व्यवस्था बिगाड़ने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।
अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम:
मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु निरंतर अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए।
गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश:
थाना क्षेत्र में दर्ज गुमशुदा मामलों की प्रभावी जांच एवं तलाश हेतु ठोस कदम उठाए जाएं।
जन जागरूकता कार्यक्रम:
अपराधों की रोकथाम एवं जन सहयोग प्राप्त करने हेतु अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा:
अपने-अपने थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनें एवं निराकरण करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाये रखना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि उपरोक्त सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।















Leave a Reply