ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता के बाद पिथौरागढ़ पुलिस अलर्ट मोड पर अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर कड़ी निगरानी, पुलिस व एस.एस.बी. द्वारा संयुक्त गश्त जारी |

पिथौरागढ़ | भारत सरकार द्वारा संचालित ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता के उपरांत जनपद पिथौरागढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। जनपद की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में अन्तर्राष्ट्रीय सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है । जनपद पिथौरागढ़ की चीन एवं नेपाल से लगती सीमाओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्राधिकारी गोविन्द बल्लभ जोशी एवं क्षेत्राधिकारी के.एस. रावत के पर्यवेक्षण में सीमावर्ती थाना क्षेत्रों—धारचूला, झूलाघाट, बलुवाकोट, जौलजीबी, अस्कोट आदि में पुलिस एवं एस.एस.बी. के जवानों द्वारा काली नदी के किनारे तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से गश्त व कॉम्बिंग अभियान चलाए जा रहे हैं । इसके अतिरिक्त, जनपद में बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने हेतु सत्यापन अभियान भी तेज़ी से चलाया जा रहा है। बिना सत्यापन के निवास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है, जिसमें मकान मालिकों एवं ठेकेदारों को भी उत्तरदायी ठहराया जा रहा है । पिथौरागढ़ पुलिस आम जनमानस से अपील करती है कि वे सतर्क रहें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और सत्यापन संबंधी नियमों का पूर्ण पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *