जनपद पुलिस, एस0एस0बी0, नेपाल पुलिस, और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा आयोजित की गई बैठक सुरक्षा संबंधित मुद्दों पर की गई चर्चा |

पिथौरागढ़ | 55वीं वाहिनी एसएसबी पिथौरागढ़ की बीओपी जौलजीबी में राकेश कुमार रमन (सेकंड इन कमांड एसएसबी) की अध्यक्षता में भारत और नेपाल के अधिकारियों की कमांडेंट स्तरीय मासिक समन्वय बैठक आयोजित की गई । उक्त बैठक में सीमा पर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। सीमा सुरक्षा, अवैध मादक पदार्थों, वन्य जीवों, वन्य उत्पादों आदि की तस्करी पर अंकुश लगाने, झूलापुलों से नियमानुसार समान लाने-ले जाने, अवैध मार्गों से आवागमन की रोकथाम, स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, झूलापुलों से आवागमन करने वाले लोगों के दस्तावेजों और उनके सामान की उचित जांच, चेकिंग, फ्रिस्किंग किए जाने, भारत-नेपाल सीमा पर काली नदी पर सतर्क दृष्टि रखते हुए सूचना साझा किए जाने, आपातकालीन स्थिति में झूलापुलों के गेट खोले जाने और भारत-नेपाल सीमा के पास हो रहे सड़क निर्माण कार्यों सहित अन्य विभिन्न विषयों पर चर्चा और सूचनाएं साझा की गई । उक्त बैठक में सभी बिंदुओं पर दोनों देशों के अधिकारियों के बीच आपसी सहमति बनी, और बैठक शांतिपूर्वक संपन्न हुई । उक्त बैठक में नेपाल एपीएएफ के एसपी, एपीएएफ बीओपी प्रभारी जौलजीबी, नेपाल पुलिस चौकी प्रभारी जौलजीबी, विशेष शाखा अभिसूचना विभाग, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जौलजीबी संजीव कुमार, थानाध्यक्ष बलुवाकोट मेघा शर्मा, वन विभाग जौलजीबी आदि शामिल रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *