पिथौरागढ़ | जनपद पिथौरगढ़ में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं उनकी दैनिक आवश्यकताओं का संज्ञान लेने हेतु “पुलिस आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत घर–घर पहुँचकर उनकी कुशलक्षेम जानने का कार्य निरंतर रूप से किया जा रहा है । इसी क्रम में आज कोतवाली पिथौरागढ़ से उपनिरीक्षक हीरा सिंह डांगी, उपनिरीक्षक ललित डंगवाल, अपर उपनिरीक्षक भुवन आर्य सहित अन्य पुलिस कर्मियों की अलग–अलग टीमों ने विभिन्न मोहल्लों एवं क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। टीमों द्वारा बुजुर्गों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, दैनिक आवश्यकताओं तथा किसी भी प्रकार की समस्या के बारे में जानकारी ली गई तथा आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया । वहीं दूसरी ओर थानाध्यक्ष अस्कोट सुरेश कंबोज के नेतृत्व में पुलिस टीम दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक पहुँची। टीम ने न केवल बुजुर्ग व्यक्तियों से संवाद कर समस्याओं का संज्ञान लिया, बल्कि जरूरतमंद बुजुर्गों को राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई, जिससे वे अपने आपको सुरक्षित और समर्थ महसूस कर सकें । पिथौरागढ़ पुलिस का यह मानवीय पहल से भरपूर प्रयास वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत कर रहा है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि “वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की धरोहर हैं। उनकी सुरक्षा, सम्मान और सुविधा सुनिश्चित करना पिथौरागढ़ पुलिस की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि हमारा नैतिक दायित्व भी है । पिथौरागढ़ पुलिस सभी वरिष्ठ नागरिकों से आग्रह करती है कि किसी भी प्रकार की समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर तुरंत निकटतम पुलिस थाना/चौकी या डायल 112 पर संपर्क करें ।
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पिथौरागढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता |
















Leave a Reply