रुद्रप्रयाग | राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के क्रम में स्कूली बच्चों एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 16 नवम्बर से 22 नवम्बर 2026 तक राज्यव्यापी एक सप्ताह का विशेष वाहन निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अन्तर्गत स्कूली बच्चों एवं यात्रियों को लाने-ले जाने वाले वाहनों, जैसे स्कूल बस, स्कूल वैन, कैब एवं यात्री बसों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है । इसी क्रम में जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि एवं गुप्तकाशी क्षेत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग की सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन) पायल सिंह के नेतृत्व में परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्कूल बसों का सघन निरीक्षण किया गया । संयुक्त निरीक्षण टीम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग की सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन) पायल सिंह, परिवहन विभाग के सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) धर्मेन्द्र बिष्ट तथा पुलिस विभाग से यातायात निरीक्षक रुद्रप्रयाग कैलाश चन्द्र शर्मा सम्मिलित रहे ।
*इन विद्यालयों में किया गया निरीक्षण*
संयुक्त टीम द्वारा सर्वप्रथम अगस्त्यमुनि क्षेत्रान्तर्गत गौरी मेमोरियल स्कूल, विजय नगर, अगस्त्यमुनि तथा गुप्तकाशी क्षेत्रान्तर्गत एम.एल. पब्लिक स्कूल, नाला, गुप्तकाशी, चिल्ड्रन एकेडमी, मंदिर मार्ग, गुप्तकाशी एवं डॉ. जैक्स विंग राष्ट्रीय स्कूल, गुप्तकाशी में संचालित स्कूल बसों का स्थलीय निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक दस्तावेजों, वाहनों की तकनीकी स्थिति, निर्धारित यातायात नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई । साथ ही वाहनों में उपलब्ध प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे, आवश्यक लाइटों एवं अन्य आपातकालीन सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी परखी गई ।
*04 स्कूल बसों में मिलीं कमियां, किए गए चालान*
निरीक्षण के दौरान गौरी मेमोरियल स्कूल, विजय नगर, अगस्त्यमुनि की 01 स्कूल बस तथा एम.एल. पब्लिक स्कूल, नाला, गुप्तकाशी की 03 स्कूल बसों में विभिन्न प्रकार की कमियां एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया । विशेष रूप से प्राथमिक उपचार पेटी (First Aid Box), आवश्यक लाइटों, सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों से सम्बन्धित कमियां सामने आईं। इन अनियमितताओं के दृष्टिगत परिवहन विभाग द्वारा संबंधित 04 स्कूल बसों के चालान किए गए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को वाहनों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर कर सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए । संयुक्त टीम द्वारा विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देशित किया गया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे, आवश्यक लाइटें एवं अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होने चाहिए । वाहन चालकों को भी निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात नियमों के अनुरूप वाहन संचालित करने तथा बच्चों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए ।
*बच्चों की सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : पायल सिंह*
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग की सचिव/सिविल जज (सीनियर डिवीजन) पायल सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल विद्यालय अथवा वाहन चालक की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों, संबंधित विभागों एवं सम्पूर्ण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा विद्यालय आने-जाने के दौरान उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यन्त महत्वपूर्ण है । इसके लिए सभी सम्बन्धित विभागों एवं संस्थाओं को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए । उन्होंने कहा कि इस राज्यव्यापी विशेष निरीक्षण अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान की कार्यवाही करना नहीं है, बल्कि विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों, वाहन चालकों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक करना तथा स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग द्वारा जनपद के समस्त विद्यालय प्रबंधनों, वाहन संचालकों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा विद्यालयों में संचालित सभी स्कूल बसों एवं अन्य वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों, आवश्यक दस्तावेजों एवं यातायात नियमों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करें ।
*22 नवम्बर तक जारी रहेगा विशेष निरीक्षण अभियान*
उक्त राज्यव्यापी विशेष निरीक्षण अभियान दिनांक 22 नवम्बर 2026 तक जारी रहेगा। अभियान के अन्तर्गत जनपद रुद्रप्रयाग के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली बच्चों एवं यात्रियों के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों का सघन निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर सम्बन्धित विभागों द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी ।
















Leave a Reply