रुद्रप्रयाग | जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा जनपद स्तर पर व्यापक “सघन संध्याकालीन चेकिंग अभियान” चलाया गया । यह अभियान पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के कुशल निर्देशन में तथा पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर एवं पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी के पर्यवेक्षण में जनपदभर में एक साथ संचालित किया गया । अभियान के दौरान जनपद की पांचों कोतवालियों कोतवाली रुद्रप्रयाग, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ, गुप्तकाशी एवं सोनप्रयाग के साथ ही यातायात पुलिस की टीमें पर्याप्त पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों पर उतरीं। पुलिस टीमों द्वारा प्रमुख मार्गों, संवेदनशील jस्थानों, बाजार क्षेत्रों एवं आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन चेकिंग करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई । नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष फोकस – अभियान के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों की एल्कोमीटर के माध्यम से जांच की गई। इसके अतिरिक्त तेज रफ्तार से वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीटबेल्ट चारपहिया वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने एवं सड़कों पर स्टंट करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई । मोटर वाहन अधिनियम के अन्तर्गत नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गम्भीर यातायात उल्लंघन करने वाले 5 वाहन चालकों के वाहनों को सीज करने की कार्यवाही की गई । सुरक्षित जनपद एवं सुगम यातायात के लिए निरन्तर जारी रहेगा अभियान – रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान निरन्तर जारी रहेंगे । रुद्रप्रयाग पुलिस आमजन से अपील करती है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। आपकी थोड़ी सी लापरवाही स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी खतरे में डाल सकती है ।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने चलाया जनपद स्तरीय “सघन संध्याकालीन चेकिंग अभियान”, पांचों कोतवालियों एवं यातायात पुलिस की टीमें एक साथ उतरीं सड़कों पर ।
















Leave a Reply