मुनिकीरेती क्षेत्र के लक्ष्मणझूला चौक पर देर रात्रि तीन दुकानों में लगी आग, टिहरी पुलिस की तत्परता से समय रहते पाया गया आग पर काबू |

टिहरी | रात्रि को समय लगभग 01:11 बजे राघव सिंह निवासी तपोवन द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से थाना मुनिकीरेती पुलिस को सूचना दी गई कि लक्ष्मणझूला चौक स्थित बंद दुकानों में आग लगी हुई है तथा दुकानों के अंदर से सफेद धुआं निकल रहा है । सूचना प्राप्त होते ही टिहरी पुलिस की टीम बिना विलंब किए तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर सर्विस को आग लगने की सूचना दी गई । मौके पर जांच करने पर लक्ष्मणझूला चौक स्थित तीन दुकानों में आग लगना पाया गया । इनमें आदित्य पुत्र अजय सिंह निवासी लक्ष्मणझूला, जनपद पौड़ी गढ़वाल की “गढ़वाल जेम्स” नाम से हैंडीक्राफ्ट की दुकान, मोनू शर्मा उर्फ मनोज शर्मा पुत्र रामनिवास शर्मा निवासी लक्ष्मणझूला की “गंगा डेली नीड्स” नाम से चिप्स, कोल्ड ड्रिंक एवं पानी की दुकान तथा महेंद्र शर्मा पुत्र रामनिवास शर्मा निवासी लक्ष्मणझूला की “नमस्ते ऋषिकेश” नाम से कपड़ों की दुकान शामिल हैं । मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि आग की शुरुआत बीच वाली दुकान “गंगा डेली नीड्स” से हुई थी, जिसके बाद आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया ।

**आग से हुई क्षति का विवरण निम्नवत है—**

1.**गंगा डेली नीड्स:** दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
2.**नमस्ते ऋषिकेश:** दुकान में रखा कपड़ों सहित अन्य सामान पूरी तरह जल गया।
3.**गढ़वाल जेम्स:** हैंडीक्राफ्ट की दुकान के बोर्ड में आग लगने से क्षति हुई, जबकि दुकान का शेष सामान सुरक्षित रहा।

टिहरी पुलिस की तत्परता से फायर सर्विस को तत्काल सूचना दी गई। इसके पश्चात फायर ब्रिगेड एवं स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया। घटना के समय तीनों दुकानों के मालिक भी मौके पर मौजूद थे । प्रथम दृष्टया स्थानीय लोगों द्वारा आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के उपरांत ही हो सकेगी ।

**टिहरी पुलिस की अपील:**
व्यापारी एवं आमजन अपने प्रतिष्ठानों में विद्युत उपकरणों, वायरिंग एवं बिजली के कनेक्शनों की समय-समय पर जांच करवाएं। दुकान बंद करने से पूर्व विद्युत उपकरणों एवं अनावश्यक बिजली कनेक्शनों को बंद करना सुनिश्चित करें तथा प्रतिष्ठानों में अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को रोका जा सके ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *