साइबर सेल में नियुक्त उप निरीक्षक संजीव थपलियाल ने 40-50 लोगों को दी साइबर फ्रॉड से बचाव एवं शिकायत दर्ज कराने की विस्तृत जानकारी |

टिहरी | जनपद टिहरी गढ़वाल में आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उद्देश्य से टिहरी पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । इसी क्रम में आज दिनांक भद्रकाली पुलिस चौकी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साइबर सेल में नियुक्त उप निरीक्षक संजीव थपलियाल द्वारा लगभग 40-50 स्थानीय नागरिकों एवं उपस्थित लोगों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई । कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक संजीव थपलियाल ने बताया कि साइबर अपराधी आमजन को अपने जाल में फंसाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। इनमें फर्जी कॉल, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर फोन करना, OTP एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी प्राप्त करना, KYC अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, फर्जी लिंक भेजना, QR कोड स्कैन करवाकर ठगी करना, ऑनलाइन जॉब एवं निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैक करना तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाएं प्रमुख हैं ।

🔸 उन्होंने उपस्थित लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण सावधानियां बरतने की जानकारी दी—

1.किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
2.अनजान मोबाइल नंबरों से प्राप्त संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी अनजान ऐप को डाउनलोड करें।
3.बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी अथवा अन्य सरकारी विभाग का कर्मचारी बनकर फोन करने वाले व्यक्तियों की बातों में आकर अपनी निजी एवं बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
4.किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए QR कोड को बिना सत्यापन स्कैन न करें। पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN डालने की आवश्यकता नहीं होती।
5.सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने तथा संदिग्ध वीडियो कॉल एवं मैसेज से सतर्क रहें।
6.ऑनलाइन खरीदारी, नौकरी एवं निवेश से संबंधित किसी भी ऑफर पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
7.डिजिटल अरेस्ट जैसी फर्जी धमकियों से घबराएं नहीं। कोई भी पुलिस या सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती।

साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत क्या करें?

उप निरीक्षक संजीव थपलियाल ने लोगों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हो जाती है तो घबराने के बजाय तत्काल निम्नलिखित कदम उठाने चाहिए—

– सबसे पहले साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
– साइबर अपराध की शिकायत भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी दर्ज करें।
– संबंधित बैंक के कस्टमर केयर अथवा बैंक शाखा को तुरंत सूचना देकर खाते एवं संबंधित डिजिटल भुगतान माध्यम को सुरक्षित कराने की कार्रवाई करें।
– धोखाधड़ी से संबंधित बैंक ट्रांजेक्शन आईडी, मोबाइल नंबर, मैसेज, स्क्रीनशॉट एवं अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखें।
– घटना की सूचना नजदीकी पुलिस थाने में देकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में सहयोग करें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों की साइबर अपराधों से संबंधित जिज्ञासाओं एवं सवालों का भी समाधान किया गया तथा उन्हें स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

टिहरी पुलिस की अपील:
साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, लिंक अथवा ऑनलाइन लालच में आकर अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें। याद रखें—आपकी थोड़ी सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई को साइबर ठगों से सुरक्षित रख सकती है।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूक बनें, जागरूकता फैलाएं।

टिहरी पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *