घनसाली क्षेत्र में दो सड़क दुर्घटनाएं, टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चार घायलों को सुरक्षित पहुंचाया गया अस्पताल |

टिहरी | जनपद टिहरी गढ़वाल के घनसाली क्षेत्र में आज दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में टिहरी पुलिस एवं स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय रहते सुरक्षित निकालकर उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया । घुत्तू क्षेत्र में कार दुर्घटना घुत्तू क्षेत्र में एक मारुति एस्प्रेसो कार सड़क से लगभग 50-60 मीटर नीचे खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही कोतवाली घनसाली के घुत्तू क्षेत्र में तैनात होमगार्ड जवान श्री संदीप सेमवाल तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कठिन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य चलाकर वाहन में फंसे दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति के सिर पर चोट आई, जबकि दूसरे को सामान्य चोटें आईं । चमियाला रोड पर बाइक दुर्घटना वहीं थाना घनसाली क्षेत्रांतर्गत चमियाला रोड पर बाइक फिसलने से दो युवक घायल हो गए। दोनों युवक चंबा से घनसाली की ओर जा रहे थे तथा खटीमा क्षेत्र के निवासी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को तत्काल बेलेश्वर अस्पताल, घनसाली पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों द्वारा दोनों को बेहतर उपचार हेतु एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। हादसे में एक युवक के सिर पर चोट आई है, जबकि दूसरे को सामान्य चोटें आई हैं । टिहरी पुलिस, होमगार्ड जवानों एवं स्थानीय ग्रामीणों की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय के चलते दोनों घटनाओं में घायलों को समय पर राहत एवं उपचार उपलब्ध कराया जा सका ।

टिहरी पुलिस आमजन से अपील करती है कि पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन चलाते समय पूर्ण सतर्कता बनाए रखें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *