दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु उत्तरकाशी पुलिस सतर्क व्यापार मण्डल के साथ बैठक कर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर बनी सहमति ।

उत्तरकाशी | आगामी दीपावली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने तथा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। त्योहारी सीजन के दौरान आमजन एवं व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा बाजार में यातायात एवं आवागमन व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसके लिए पुलिस द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं । इसी क्रम में कोतवाली उत्तरकाशी में क्षेत्राधिकारी उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार की अध्यक्षता में स्थानीय व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली पर्व के दृष्टिगत उत्तरकाशी शहर की यातायात व्यवस्था बाजार में आमजन की आवाजाही, सुरक्षा प्रबन्धों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान सभी से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ त्योहारी सीजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की अपील की गई।

*बैठक में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए गए—*
*1. मेन मार्केट में यातायात प्रतिबंध:* दीपावली के त्योहारी सीजन के दौरान प्रतिदिन सायं 04 बजे से रात्रि 08 बजे तक मुख्य बाजार में वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, ताकि बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
*2. दोपहिया वाहनों की पार्किंग:* प्रतिबंधित समय के दौरान सभी दोपहिया वाहन केदारघाट पार्किंग एवं रामलीला मैदान में पार्क किए जाएंगे।
*3. लोडर एवं चारपहिया वाहनों पर प्रतिबंध* : उक्त समयावधि में लोडर एवं चारपहिया वाहनों का मुख्य बाजार में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
*4. अतिक्रमण पर रोक:* सभी दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण न करें, जिससे बाजार में पैदल चलने वाले लोगों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
*5. पटाखा स्टॉलों की सुरक्षा:* रामलीला मैदान में नगर पालिका उत्तरकाशी द्वारा लगाए जा रहे पटाखों के स्टॉल/दुकानों को निर्धारित नियमों के अनुरूप सुव्यवस्थित तरीके से लगाने तथा अग्नि सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
*6. सत्यापन एवं सुरक्षा व्यवस्था* : बाजार एवं अन्य स्थानों पर स्टॉल/दुकानें लगाने वाले बाहरी व्यापारियों तथा फड़-फेरी एवं रेहड़ी-ठेली संचालकों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन करवाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उत्तरकाशी पुलिस द्वारा सभी व्यापारियों एवं आमजन से अपील की गई कि त्योहारी सीजन के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें तथा निर्धारित नियमों का पालन करें। सभी के सामूहिक सहयोग से दीपावली पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न कराया जा सकेगा । बैठक में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उत्तरकाशी दिनेश कुमार, व्यापार मण्डल अध्यक्ष रमेश चौहान, महामंत्री मनमोहन थलवाल धर्मेंद्र बत्रा अजय बडोला संजय मल्होत्रा अंकित उप्प आशुतोष सोनी इस्तियान अहमद सहित व्यापार मण्डल के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *