उत्तरकाशी | स्वस्थ चालक सुरक्षित सफर! राष्ट्रपति कलर अलंकरण परेड, पुलिस स्मृति दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में *दिनांक 21 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026* तक आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत *पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा स्वास्थ्य विभाग उत्तरकाशी के सहयोग से पुलिस लाइन ज्ञानसू में मेडिकल परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पुलिस कर्मियों एवं वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया गया । शिविर में जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी से आई मेडिकल टीम द्वारा वाहन चालकों एवं पुलिस कर्मियों की आंखों की जांच करने के साथ ही ब्लड प्रेशर (बीपी) एवं शुगर की जांच की गई। इस दौरान नेत्र संबंधी समस्याओं,आंख-कान में होने वाले सामान्य संक्रमण तथा स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य समस्याओं के संबंध में जाँच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही बीमारियों से बचाव, स्वास्थ्य के प्रति सजगता की जानकारी भी दी गई । शिविर में उपस्थित वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि सुरक्षित यातायात के लिए चालक का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है। वाहन चलाते समय स्पष्ट दृष्टि, बेहतर श्रवण क्षमता एवं सतर्क मानसिक स्थिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी उद्देश्य से वाहन चालकों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की अनदेखी न करने हेतु प्रेरित किया गया । इस अवसर पर उपनिरीक्षक यातायात लक्ष्मण सिंह चुफाल द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग, ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा न करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने तथा तीन सवारी बैठाकर वाहन न चलाने सहित विभिन्न यातायात नियमों की जानकारी दी गई । वाहन चालकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें, अपने स्वास्थ्य का नियमित परीक्षण कराएं तथा वाहन चलाते समय पूर्ण सतर्कता बरतें। यातायात नियमों का पालन और स्वस्थ चालक—सुरक्षित सड़क एवं दुर्घटनामुक्त सफर की मजबूत नींव हैं । मेडिकल परीक्षण शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी की मेडिकल टीम, प्रतिसार निरीक्षक शिव कुमार, पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा टैक्सी यूनियन भटवाड़ी एवं टैक्सी यूनियन ज्ञानसू के पदाधिकारी व चालक उपस्थित रहे ।
यातायात पुलिस द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मेडिकल परीक्षण शिविर आयोजित, वाहन चालकों व पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य की हुई जांच ।















Leave a Reply