उत्तरकाशी | पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन ज्ञानसू, उत्तरकाशी स्थित शहीद स्मारक पर उत्तरकाशी पुलिस परिवार द्वारा कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा सहित उत्तरकाशी पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने भी शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को याद किया । तत्पश्चात शहीद जवानों को सलामी दी गई तथा दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी द्वारा बताया गया कि पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर जवानों के त्याग, समर्पण और अदम्य साहस का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आमजन की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा और राष्ट्र की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया। इस अवसर पर उनके द्वारा शहीद पुलिस कर्मिक स्व0 गिरवीर रमोला के परिजनों को सम्मानित किया गया तथा उनसे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड पुलिस परिवार हर सुख-दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। पुलिस विभाग से संबंधित किसी भी समस्या अथवा आवश्यकता के संबंध में वे निःसंकोच अपनी बात साझा कर सकते हैं। पुलिस विभाग सदैव उनके सहयोग एवं सहायता के लिए तत्पर है।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर जनपद उत्तरकाशी के समस्त कोतवाली, थानों एवं पुलिस चौकियों में भी संबंधित प्रभारियों की उपस्थिति में शहीद पुलिस जवानों को याद करते हुए पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई । गत वर्ष देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान 154 पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड पुलिस के उ0नि0 स्व0 विनोद कुमार(टिहरी गढवाल) भी शामिल हैं । उत्तरकाशी पुलिस समस्त वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करती है। उनका साहस, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा सदैव पुलिस बल का मार्गदर्शन करती रहेगी ।
















Leave a Reply