एसएसपी श्वेता चौबे के नेतृत्व में नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के अंतर्गत जनपदभर में जागरूकता की अलख जगा रही टिहरी पुलिस |

टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद टिहरी गढ़वाल में संचालित “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के अंतर्गत लगातार व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है । इसी क्रम में चौकी कुमाल्डा, कोतवाली चंबा द्वारा पुलिस द्वारा दून डिफेंस कॉलेज, कुमाल्डा में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव, हेल्पलाइन नंबरों एवं सामाजिक जागरूकता के विषय में जानकारी दी गई तथा सभी को नशा न करने एवं दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई । कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस द्वारा आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र के सहयोग से आयोजित “रन फॉर योगा” कार्यक्रम में प्रतिभागियों को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया तथा नशे के विरुद्ध सामूहिक शपथ दिलाई गई । वहीं थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के अंतर्गत चौकी ढालवाला पुलिस द्वारा मैक्स रेलवे कंपनी में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई । इसके अतिरिक्त थाना मुनिकीरेती पुलिस द्वारा 18 जून को नशा उन्मूलन पखवाड़े के अंतर्गत एक विशाल दुपहिया वाहन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में पुलिस कर्मियों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, रेंटल बाइक संगठन, राफ्टिंग व्यवसायियों एवं स्थानीय नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से समाज को नशे के विरुद्ध एकजुट होने का संदेश दिया गया । अभियानों के दौरान प्रतिभागियों को हेल्पलाइन नंबर 1933 की भी जानकारी दी गई । एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है । युवाओं को जागरूक कर तथा जनसहभागिता बढ़ाकर ही नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। टिहरी पुलिस भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखेगी |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *