14 जून को 11 केंद्रों पर होगी यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा |

टिहरी | अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों के लिए 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली लिखित प्रतियोगी परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन हेतु जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित की जाएगी । जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों के लिए सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है । प्रशासन के अनुसार नई टिहरी, चम्बा और नरेंद्रनगर क्षेत्र के 11 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर, बायोमैट्रिक सत्यापन तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने संबंधित अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनी रहे । इसके अलावा परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं संरक्षण के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं और अन्य गोपनीय सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से आयोग को भेजा जाएगा । जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *