टिहरी | वादी निवासी ज्ञानसू, टिहरी गढ़वाल, (जो कि घायल महिला का भतीजा है) द्वारा कोतवाली चंबा में तहरीर दी गई कि उसकी चाची दवाई लेने हेतु चम्बा गई थीं, जिसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा । काफी तलाश के बाद पता चला कि चंबा क्षेत्र भण्डार गांव के खेत में वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिलीं, जिनके सिर पर गहरी चोटें थीं। चंबा में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। जिनको लेकर घायल महिला का बेटा एम्स हॉस्पिटल ऋषिकेश चला गया, जो कि वर्तमान में जौलीग्रांट अस्पताल देहरादून में उपचाराधीन है। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली चंबा में मुकदमा अपराध संख्या 23/2026 धारा 109 बी0एन0एस0 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई । घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे द्वारा प्रभारी निरिक्षक चम्बा के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों का संकलन, सीसीटीवी फुटेजों का विश्लेषण एवं गहन सुरागरसी-पतारसी की गई । जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए, जिसके आधार पर दिनांक 09.06.2026 को अभियुक्त सुरेश लाल उर्फ सूरज पुत्र गुलाब लाल निवासी ग्राम कठ्यूड़ थाना पैठाणी जनपद पौड़ी गढ़वाल को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह अपनी बहन के पास मसूरी जा रहा था । पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से पीड़िता से हुई थी। दोनों के मध्य पिछले कई महीनों से बातचीत हो रही थी तथा वे कई बार चम्बा क्षेत्र में मिल चुके थे। दिनांक 04.06.2026 को दोनों चम्बा क्षेत्र के भंडार गांव के एक सुनसान खेत में मिले, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद एवं हाथापाई हो गई । अभियुक्त के अनुसार विवाद के दौरान उसने महिला का मोबाइल फोन छीनकर झाड़ियों में फेंक दिया तथा गुस्से में पास पड़े पत्थर से महिला के सिर पर प्रहार कर दिया। महिला के घायल होकर गिर जाने के बावजूद जब पीड़ित महिला झगड़ने लगी तो उसने दोबारा पत्थर से हमला किया और उसे वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद अभियुक्त ने अपना मोबाइल बंद कर दिया, सिम कार्ड नष्ट कर दिया तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए विभिन्न स्थानों पर छिपता रहा । पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा घटना में प्रयुक्त तथ्यों को स्वीकार करते हुए घटनास्थल एवं पीड़िता के मोबाइल फोन की बरामदगी कराने की इच्छा व्यक्त की गई, जिसके आधार पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त को साथ लेकर आवश्यक बरामदगी एवं साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है । चंबा पुलिस द्वारा मामले में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। जनपद पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया के माध्यम से बनने वाले संबंधों में सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस का सफल अनावरण, सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती बनी हत्या के प्रयास की वजह महिला पर जानलेवा हमला करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार ।
















Leave a Reply