टिहरी | स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में नगरपालिका परिषद नरेंद्रनगर क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु टिहरी पुलिस द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं । निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों एवं संवेदनशील स्थलों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं । सुरेंद्र सिंह भंडारी, क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर मय पुलिस, पीएसी एवं अन्य सुरक्षा बलों के लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं । निर्वाचन अवधि के दौरान असामाजिक तत्वों, उपद्रवियों एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा होटल, धर्मशाला एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सतर्क निगरानी रखी जा रही है । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा निर्वाचन ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी । किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा कानून व्यवस्था भंग करने के प्रयासों पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी । टिहरी गढ़वाल पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न कराने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके । टिहरी पुलिस स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है ।
एसएसपी श्वेता चौबे के कुशल नेतृत्व में स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत नगरपालिका परिषद नरेंद्रनगर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, टिहरी पुलिस पूरी तरह सतर्क ।
















Leave a Reply