टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई किए जाने हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के क्रम में थाना घनसाली पुलिस ने तत्परता, संवेदनशीलता एवं कुशल विवेचना का परिचय देते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर एक महत्वपूर्ण मामले का खुलासा किया है । रात्रि थाना घनसाली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि चम्पुवा मंदिर के पास एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है तथा दो युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े हैं। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां मोटरसाइकिल संख्या UK07 AC 1373 दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में सड़क किनारे पाई गई। प्रथम दृष्टया मोटरसाइकिल का पहाड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त होना प्रतीत हुआ । पुलिस द्वारा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी बेलेश्वर, चमियाला भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। घायलों ने अपना नाम अनुज सिंह राणा निवासी खटीमा तथा साहिल सिंह निवासी खटीमा बताया । अगले दिन दिनांक 08 जून 2026 को स्थानीय निवासी वीर सिंह द्वारा थाना घनसाली में तहरीर देकर उक्त मोटरसाइकिल के बस स्टेशन घनसाली से चोरी होने की सूचना दी गई। विवेचना के दौरान पुलिस को ज्ञात हुआ कि पिछली रात्रि दुर्घटनाग्रस्त हुई मोटरसाइकिल वही चोरी की गई मोटरसाइकिल थी तथा घायल हुए दोनों युवक ही उक्त चोरी की घटना में शामिल थे। चोरी की मोटरसाइकिल लेकर भागने के दौरान ही दोनों दुर्घटना का शिकार हो गए थे । मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी टिहरी के निकट पर्यवेक्षण में अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम जब पूछताछ हेतु एम्स ऋषिकेश पहुंची तो पता चला कि दोनों युवक पुलिस कार्रवाई के भय से अस्पताल से छुट्टी लेकर फरार हो चुके हैं । इसके बाद थाना घनसाली पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई तथा अभियुक्तों की तलाश हेतु सघन अभियान चलाया गया। अथक प्रयासों एवं प्रभावी सुरागरसी-पतारसी के फलस्वरूप दिनांक 08 जून 2026 की रात्रि में दोनों अभियुक्तों को बालगंगा डिग्री कॉलेज के पास चमियाला रोड से गिरफ्तार कर लिया गया । विवेचना के दौरान अभियोग में धारा 317(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया ।
गिरफ्तार अभियुक्त
अनुज सिंह राणा पुत्र स्व. प्रेम सिंह राणा, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम चांदपुर, थाना खटीमा, जनपद ऊधमसिंह नगर।
साहिल सिंह पुत्र दौलत राम, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बानूशॉ पचपेड़ा, थाना खटीमा, जनपद ऊधमसिंह नगर।
टिहरी पुलिस अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत प्रतिबद्ध
















Leave a Reply