टिहरी | जनपद टिहरी गढ़वाल में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में समस्त थाना क्षेत्रों में किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन हेतु विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के साथ समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक एवं सघन सत्यापन अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के अनुपालन में थाना कीर्तिनगर, मुनि की रेती, नई टिहरी, छाम, थतयूड़ व हिंडोला खाल* पुलिस एवं एलआईयू की संयुक्त टीमों द्वारा होटल, गेस्ट हाउस, ढाबों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, किराये के मकानों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर व्यापक चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया गया । अभियान के दौरान बाहरी व्यक्तियों, कर्मचारियों एवं किरायेदारों के सत्यापन अभिलेखों की गहन जांच की गई। जांच में पाया गया कि कई मकान मालिकों एवं प्रतिष्ठान संचालकों द्वारा अपने यहां रह रहे किरायेदारों एवं कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था । पुलिस द्वारा ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विगत 03 दिनों में कुल 36 मकान मालिकों के चालान किए गए तथा उन पर 3.5 लाख से अधिक का संयोजन शुल्क/जुर्माना अधिरोपित किया गया । सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों, ढाबा संचालकों, मकान मालिकों, व्यापारियों एवं आमजन को भी जागरूक किया गया। उन्हें अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों, घरेलू सहायकों एवं किरायेदारों का समयबद्ध पुलिस सत्यापन कराने हेतु प्रेरित किया गया तथा अवगत कराया गया कि सत्यापन न कराना कानूनन दंडनीय है और इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है ।
टिहरी पुलिस की अपील
जनपद के समस्त मकान मालिक, होटल-गेस्ट हाउस संचालक एवं प्रतिष्ठान स्वामी अपने यहां निवासरत अथवा कार्यरत बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में जनसहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है ।
टिहरी पुलिस का सत्यापन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
















Leave a Reply