पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत कोतवाली ऊखीमठ पुलिस द्वारा एक वृहद जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।

ऊखीमठ | पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत कोतवाली ऊखीमठ पुलिस द्वारा एक वृहद जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया । ”नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत आयोजित ”नशा मुक्ति पखवाड़ा” के अन्तर्गत प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऊखीमठ बाजार और मुख्य टैक्सी स्टैंड के पास स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, टैक्सी चालकों एवं क्षेत्र में आए पर्यटकों को विभिन्न गंभीर विषयों पर जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विशेषकर युवाओं में बढ़ते सिंथेटिक ड्रग्स के जानलेवा दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि नशा न सिर्फ एक हंसते-खेलते परिवार को बर्बाद करता है, बल्कि समाज में अपराधों को भी बढ़ावा देता है। प्रभारी निरीक्षक ने क्षेत्र को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के लिए जनता से सहयोग की अपील की तथा उपस्थित लोगों से कहा कि यदि क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति नशा तस्करी या अवैध बिक्री में संलिप्त पाया जाता है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिसमें सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी । नशा मुक्ति के साथ-साथ पुलिस ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर फ्रॉड (Cyber Crime) के तौर-तरीकों से लोगों को अवगत कराया और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरन्त ‘1930’ राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति पर बात करते हुए उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों (जैसे पोक्सो एक्ट और घरेलू हिंसा) के बारे में भी जागरूक किया गया। जन-जागरूकता कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी निरीक्षक द्वारा वहां उपस्थित सभी स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों, पर्यटकों और टैक्सी यूनियन के सदस्यों को जीवन में कभी भी नशा न करने तथा अपने आस-पास के वातावरण को नशामुक्त बनाए रखने की सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। इस महत्वपूर्ण जन-जागरूकता अभियान में पुलिस प्रशासन के साथ स्थानीय संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की, जिसमें मुख्य रूप से ऊखीमठ टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष श्री अमित त्रिवेदी, संरक्षक श्री महावीर रावत, वरिष्ठ व्यापारी श्री मानवेंद्र शैव सहित भारी संख्या में स्थानीय व्यवसायी, वाहन चालक, जागरूक नागरिक और पुलिस बल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे तथा स्थानीय जनता ने ऊखीमठ पुलिस के इस कदम की प्रशंसा की ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *