आपदा प्रबंधन में ‘गेमचेंजर’ साबित होगा भारत सरकार का BB-PPDR प्रोजेक्ट: रुद्रप्रयाग में फील्ड टेस्टिंग हुई शुरू |

रूद्रप्रयाग | जनपद रुद्रप्रयाग में आपातकालीन संचार व्यवस्था को अत्याधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा प्रायोजित BB-PPDR (Broadband Public Protection and Disaster Relief) पायलट प्रोजेक्ट के अन्तर्गत सेवा प्रदाता कंपनियों द्वारा फील्ड टेस्टिंग प्रारंभ कर दी गई है। परियोजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय स्थित जिला सभागार में फील्ड टेस्टिंग से पूर्व उच्च स्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग पुलिस महानिरीक्षक/अध्यक्ष SLCC कृष्ण कुमार वी.के., जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। बैठक में DCPW (Department of Communication, Planning & Works), दूरसंचार विभाग (DoT) भारत सरकार के अधिकारियों के साथ-साथ राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, डीडीआरएफ, पुलिस संचार, स्वास्थ्य, वन, आपूर्ति, लोक निर्माण, विद्युत, परिवहन एवं सूचना विभाग सहित विभिन्न हितधारक विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे । बैठक में एसपी प्रशिक्षण (पुलिस दूरसंचार) मुकेश ठाकुर ने बताया कि BB-PPDR परियोजना के अन्तर्गत जनपद रुद्रप्रयाग में फील्ड टेस्टिंग दो चरणों में प्रस्तावित है। प्रथम चरण में दिनांक 16 जून 2026 से 20 जून 2026 तक वोडाफोन-आइडिया (VI) द्वारा तथा द्वितीय चरण में दिनांक 22 जून 2026 से 26 जून 2026 तक रिलायंस जियो द्वारा फील्ड टेस्टिंग की जाएगी। पुलिस महानिरीक्षक/अध्यक्ष SLCC कृष्ण कुमार वी.के. ने सभी स्टेकहोल्डर्स को परियोजना की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि रुद्रप्रयाग जनपद को उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण पायलट प्रोजेक्ट के लिए चयनित किया गया है, जो आपदा राहत एवं बचाव कार्यों में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी संचार व्यवस्था उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा ।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने कहा कि यह परियोजना आपदा राहत कार्यों के दौरान एक ‘गेमचेंजर’ साबित होगी। विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले जनपद में निर्बाध एवं आधुनिक संचार व्यवस्था राहत एवं बचाव कार्यों को नई गति प्रदान करेगी। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने कहा कि भारत सरकार द्वारा पर्वतीय क्षेत्रों के पायलट प्रोजेक्ट के लिए रुद्रप्रयाग का चयन एक महत्वपूर्ण अवसर है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह प्रणाली आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान एवं जीवन रक्षा कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

ब्रीफिंग के उपरान्त BB-PPDR परियोजना की फील्ड टेस्टिंग राजस्व उपनिरीक्षक चौकी पुनाड़, रुद्रप्रयाग में सभी स्टेकहोल्डर्स की उपस्थिति में आयोजित की गई। इस दौरान सेवा प्रदाता कंपनी के विशेषज्ञों एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों द्वारा संचार प्रणाली, नेटवर्क क्षमता एवं आपदा परिस्थितियों में उपयोगिता से संबंधित विभिन्न तकनीकी परीक्षण किए गए। फील्ड टेस्टिंग में सभी विभागों के अधिकारियों ने BB-PPDR प्रणाली की कार्यप्रणाली को समझा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में इसके प्रभावी उपयोग एवं बेहतर समन्वय की संभावनाओं का परीक्षण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षण (पुलिस दूरसंचार) मुकेश ठाकुर, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, अपर पुलिस अधीक्षक (पुलिस दूरसंचार) पौड़ी अनूप काला, उपनिदेशक अग्निशमन सेवाएं संदीप कुमार राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। केंद्रीय टीम की ओर से DCPW के उपनिदेशक कौस्तुभ शाह, सहायक निदेशक (MM) पीयूष कुमार राय, जॉइंट असिस्टेंट डायरेक्टर टी.बी. छेत्री, DoT उत्तराखण्ड के डिप्टी डायरेक्टर लवी गुप्ता, जनपद स्तर से अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीमा, वोडाफोन-आइडिया के आईटी विशेषज्ञ एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त पुलिस दूरसंचार रुद्रप्रयाग से आरआई प्रमोद पेटवाल, उपनिरीक्षक कपिल नैथानी, एसआई राकेश मोहन, एसआई सुनील नौटियाल एवं एसआई चरण सिंह चौहान सहित पुलिस दूरसंचार के अधिकारी एवं कर्मचारी फील्ड टेस्टिंग कार्यक्रम में मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *